PATNA : राजधानी में अतिक्रमण हटाने गए मजिस्ट्रेट को लोगों ने पीटा, जानिए क्या पूरा मामला
पटना। बिहार में ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं जहां अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन के साथ मारपीट की खबरें आती रहती है। ताजा मामला राजधानी पटना का है। जहां श्री गुरु गोविंद सिंह अस्पताल की जमीन की चहारदीवारी के बाहर अतिक्रमण हटाने पहुंचे मजिस्ट्रेट के साथ पहले लोगों ने गाली-गलौज की फिर उनकी पिटाई कर दी। भीड़ का आक्रोश को देखते हुए निगमकर्मी वहां से जान बचाकर भाग निकले। अतिक्रमण हटाने पहुंचे मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस की मौजूदगी में लोगों ने गाली-गलौज और मारपीट की। नगर निगम के अजीमाबाद अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी नुरुल हक शिवानी ने कहा कि टीम के साथ कुछ लोगों ने हाथापाई की है। इसकी जानकारी SDO और नगर आयुक्त को दी गई है। दरअसल DM के आदेश पर नगर निगम की जमीन पर बने संप हाउस के पास से अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस बल, नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी JCB के साथ गुरुवार दोपहर पहुंचे थे।

अतिक्रमण हटाने पहुंचे निगमकर्मी लोगों का आक्रोश देख किसी तरह से जान बचाकर भागे। लेकिन वहां मौजूद पुलिस बल ने अधिकारी को बचाने का प्रयास नहीं किया। काफी देर तक इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा। वार्ड पार्षद शोभा देवी और उनके प्रतिनिधि बलराम चौधरी ने कहा कि वार्ड संख्या 60 में खिरनी के पेड़ स्थित नगर निगम के भूखंड पर नया जलापूर्ति केंद्र बनना है। वार्ड पार्षद के मुताबिक अतिक्रमण की वजह से एक साल से योजना बाधित है। अतिक्रमण को लेकर वरीय अधिकारियों से इसकी शिकायत की गई थी। जब मजिस्ट्रेट राकेश कुमार टीम लेकर खाली कराने पहुंचे थे, उनके साथ मारपीट की गई है। वहीं इस मामले पर एसडीओ मुकेश रंजन ने कहा कि दोषी लोगों पर कानूनी कार्रवाई होगी।

