पटना के मजदूर ने करनाल में की आत्महत्या, फंदा लगाकर दी जान
पटना। करनाल के शास्त्री नगर में बिहार के युवक ने पंखे पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक 20 दिन पहले ही करनाल में काम पर आया था। बुधवार देर शाम को जब उसके दोस्त काम से वापस घर आए तो युवक को फंदे पर ही लटका हुआ देखा। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी। रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को भी मौके पर ही बुलाया गया। टीम ने साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय कर्ण मूल से बिहार के पटना का रहने वाला था। वह तरावड़ी राइस मिल में काम करता था। करनाल के शास्त्री नगर में वह अपने अन्य दोस्तों के साथ किराए पर मकान की तीसरी मंजिल में रहता था। बुधवार को सुबह साथी ने उसे काम पर चलने के लिए कहा, लेकिन उसने कहा कि आज उसका काम पर जाने का मन नहीं है। आप लोग जाओ। जिसके बाद उसके सभी साथी तरवाड़ी राइस मिल में काम करने के लिए चले गए। मृतक कर्ण के साथी बांके ने बताया कि देर शाम करीब साढ़े 8 बजे जब वह कमरे पर काम से वापस आए और दरवाजा खोला तो फंदे पर कर्ण लटका हुआ था। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। बांके ने बताया कि कर्ण हर समय उसके साथ हंस कर बात करता था। अपने पत्नी व बच्चों से वह फोन पर कई-कई घंटे बात करता था। पता नहीं किस कारण कर्ण ने यह कदम उठाया। बांके ने बताया कि कर्ण के पास दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार के पालन पोषण के लिए ही करनाल में काम पर आया था। रामनगर थाना से मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि मृतक कर्ण के परिजनों को रात को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद ही मृतक का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


