PATNA : 8 महीने पहले मरी लड़की जिंदा बरामद, दूसरे लड़के के साथ मिली बंका घाट में
दानापुर। 8 महीने पहले मरी लड़की शुक्रवार को अचानक जिंदा हो गई। जी हां, आप सही सुन रहे हैं। मामला पटना के दानापुर के सुल्तानपुर का है। 8 महीने पूर्व दहेज के लिए हत्या कर शव को छिपाने का आरोप लड़की के परिवार वालों ने उसकी ससुराल वालों पर लगाया था। लेकिन, शुक्रवार को पुलिस ने उस लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। जब मामला खुला तो सब दंग रह गए।
बताया जाता है कि दानापुर के सुल्तानपुर का रहने वाला सनी कुमार की शादी 10 जुलाई 2018 को जूही कुमारी से हुई थी। शादी के 2 वर्ष बाद 3 अक्टूबर 2020 को जूही अपनी ससुराल से भाग गई। बेटी के भाग जाने के बाद उसकी मां मंजू देवी ने दानापुर थाने में अपनी बेटी की दहेज हत्या कर शव को गायब करने का मामला दर्ज कराया था। जिसमें पति सनी कुमार, उसके पिता सरवन महतो, मां गुड़िया देवी, भाई मनी कुमार और बहन अंकिता पर जूही की हत्या का आरोप लगाया था। पुलिस ने जब मामले की जांच-पड़ताल की तो घर के आसपास से पता चला कि ससुराल वालों ने लड़की की हत्या नहीं की है, बल्कि वह खुद भाग गई है।
इस बीच गुरुवार की देर रात दानापुर पुलिस को सूचना मिली कि जिस जूही कुमारी की हत्या का आरोप उसकी मां ने 8 महीने पहले लगाया था, वह बंका घाट में किसी दूसरे युवक के साथ रह रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रात में छापेमारी कर जूही कुमारी को बंका घाट से बरामद कर लिया।
मामले में आरोपित बनाए गए जूही के पति सनी कुमार ने बताया कि जूही उसके घर से सोने के जेवरात और 20 हजार नगद लेकर किसी अन्य युवक के साथ भाग निकली थी और जूही की मां ने मुझ पर और मेरे परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया था। सनी ने बताया कि यह पूरा मामला जूही द्वारा हमारे प्रॉपर्टी को हड़पने का है। इसी कारण जूही ने इस तरह का नाटक कर उनके और उनके परिजनों को 8 महीनों से परेशान कर रखा था।
दानापुर थाना प्रभारी अजीत कुमार साह ने बताया कि जूही का 164 का बयान न्यायालय में दर्ज करा दिया गया है। न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद जूही ने अपनी मां के साथ रहने की इच्छा जाहिर की, इसलिए पुलिस ने उसे उसके परिजनों को सौंप दिया।


