PATNA : महिला से चेन स्नेचिंग कर बाइक सवार बदमाश फरार, महिला बार-बार हो जा रही बेहोश

बोकारो से परिजन को लेकर दारोगा बहाली में आई थी पटना

रिश्तेदार के घर बाजार से वापसी में हुई शिकार
फुलवारी शरीफ। पटना के बिड़ला कालोनी फुलवारी शरीफ में एक बार फिर से बेखौफ बाइक सवार बदमाश ने करीब 38 वर्षीया महिला के गले से कीमती सोने का चेन झपट लिया। जब वह एक अन्य महिला के साथ बाजार से वापस लौट रही थी। चेन स्नैचिंग के बाद महिला शोर मचाते हुए मौके पर ही बेहोश हो गयी। स्थानीय लोगों ने महिला को संभाला और फिर पुलिस को खबर दी गयी। वारदात को अंजाम देने वाला बाइक सवार अकेले ही चेन छीन कर फरार हो गया। घटना से कालोनी में खासकर महिलाओं में दहशत का माहौल हो गया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की पड़ताल के लिए पुलिस टीम जुटी है।
बताया जाता है कि बोकारो से नीतू देवी दारोगा बहाली को लेकर अपनी दो बेटियों के साथ पटना आयी थी। जहां वह अपने रिश्तेदार के घर बिड़ला कालोनी में ठहरी हुई थी। महिला के परिजनों ने बताया कि रविवार को ही महिला को बोकारो वापस भी लौटना था। इससे पहले शनिवार की शाम वह परिचित महिला के साथ बाजार गयी। बाजार से देर शाम वापसी के क्रम में दुर्गा मंदिर के पास वाले इलाके में एक बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मार कर नीतू देवी के गले से सोने की चेन लूट कर फरार हो गया। आसपास के लोगों और अन्य परिजनों के आने के बाद महिला को संभाला गया लेकिन वह अपने साथ हुई घटना से काफी डरी हुई थी और बार बार बेहोश हो जा रही थी। परिजनों ने बताया कि चेन की कीमत करीब दो लाख है। वहीं कोलोनी के लोगों का कहना है कि यहां बराबर महिलाओं को सॉफ्ट टारगेट मानकर बाइक सवार चेन लूट की वारदात को अंजाम देते हैं।