PATNA : फोरलेन किनारे पानी भरे गढ्ढे से नग्न अवस्था में युवक का शव बरामद, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फतुहा। सोमवार को पटना के फतुहा रेलवे यार्ड के सामने फोरलेन पर उस समय सनसनी फैल गई जब फोरलेन के एक पुलिया के नीचे पानी भरे गढ्ढे से पुलिस ने एक 35 वर्षीय युवक का शव बरामद किया। शव पुरी तरह से नग्न अवस्था में थी। शव के पास ही उसके सारे कपड़े पानी में फेंके हुए थे तथा चप्पल भी वहीं पड़ा हुए था। पुलिस ने शव ग्रामीणों की सूचना पर बरामद किया। पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला तथा पंचनामा बना पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया। युवक की मौत कब और कैसे हुई, इस बात का पता फिलहाल नहीं चल पाया है। शव के उपर न तो किसी चोट के निशान हैं और न ही गले के उपर किसी तरह के दबाव का चिन्ह। शव देखने से पता चलता है कि यह शव बीते 24 घंटे के ही अंदर ही या तो यहां पर लाया गया है या किसी ने लाकर फोरलेन के नीचे फेंक दिया है। उसके कपड़े में टी शर्ट, पैंट व जंघिया था। कपड़े से सिर्फ एक मास्क बरामद हुए हैं। कोई ऐसी वस्तु या कागजात भी नहीं मिले हैं, जिससे उसकी पहचान की जा सके। जिस तरह से शव नग्न अवस्था में मिले हैं, उसे देख पुलिस भी असमंजस में है कि आखिर इसकी मौत कैसे हुई।
थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही खुलासा हो पायेगा कि इसकी मौत कैसे हुई। हालांकि उनके अनुसार उसकी हत्या कर फेंके जाने तथा उसकी अन्य तरीके से हुई मौत के बिन्दुओं को देखा जा रहा है। खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।


