September 13, 2026

PATNA : पुनपुन में चुनावी बहस में गोली मारने का मुख्य आरोपित गिरफ्तार, आरोपित ने भी दर्ज कराई प्राथमिकी

पुनपुन । पुनपुन थाना क्षेत्र के गंजपर मुसहरी में बीते मंगलवार की रात चुनावी बहस में हुई फायरिंग के मुख्य आरोपित चितरंजन कुमार सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को आरोपित की गिरफ्तारी पोठही से हुई। अन्य चार आरोपित अब भी फरार बताए जाते हैं। आरोपित चितरंजन ने पुलिस को बताया कि उसके व गांव के विनोद दास के बीच पूर्व से ही रंजिश थी। मंगलवार को चुनावी बहस की आड़ में घटना को अंजाम दिया गया। उसने प्रमोद दास को गोली मारने की बात भी पुलिस के समक्ष स्वीकार की। थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि चितरंजन की निशानदेही पर उसके पिस्तौल की बरामदगी के लिए छापेमारी की गई, लेकिन पिस्तौल नहीं मिली।
गिरफ्तार आरोपित चितरंजन ने भी दर्ज कराई प्राथमिकी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अभिरक्षा में चितरंजन कुमार सिंह ने भी गांव के प्रमोद दास व विनोद दास समेत 50 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि बीते मंगलवार की रात सभी आरोपितों ने चुनाव का रंग देकर उसके व उसके दोस्तों के साथ मारपीट की। उसके घर पर चढ़कर फायरिग कर तोड़फोड़ की। इस दौरान आरोपितों ने उसकी मां के साथ मारपीट कर अभद्र व्यवहार भी किया। इधर, गुरुवार की सुबह मुख्य आरोपी चितरंजन की गिरफ्तारी के बाद कैंप कर रही पुलिस गंजपर गांव से लौट गई। हालांकि एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस गश्त कर रह थी।

You may have missed