PATNA : एशियन सिटी हॉस्पिटल में गर्भाशय में रसौली का सफलतापूर्वक आपरेशन, 1.25 लाख का आया खर्च
पटना। पाटलिपुत्रा कॉलोनी स्थित एशियन सिटी हॉस्पिटल में पेट के निचले हिस्से में दर्द, अनियमित माहवारी, पेशाब में दिक्कत से परेशान पटना निवासी 45 वर्षीय महिला अन्नु कुमारी को गर्भाशय निकालकर राहत दिलाई गई। गर्भाशय निकालने वाले हॉस्पिटल के सर्जन डॉ. योगेश ने यह जानकारी देते हुए बताया कि महिला के गर्भाशय की दिवाल में अवांछित रूप से मांस की वृद्धि हो रही थी, जिसके कारण उसकी माहवारी अनियमित हो गई थी तथा रक्तस्राव भी काफी हो रहा था। इस बीमारी में माहवारी में अत्यधिक रक्तस्राव से शरीर में खून की कमी हो जाती है जिसके चलते उसकी जान पर खतरा पैदा हो जाता है। इसलिए उसकी जान बचाने के लिए गर्भाशय निकालने (शल्य चिकित्सा) का फैसला किया गया। अगर उसे संतान नहीं रहती तो गर्भाशय खोलकर अवांछित मांस को हटा दिया जाता, पर वर्तमान मामले में ऐसा करना उचित नहीं होता। गर्भाशय में अवांछित मांस की वृद्धि को मेडिकल टर्म में फाइब्रॉएड यूट्रस कहा जाता है। टीम में गॉयनोकोलॉजिस्ट डॉ. ऐरम, वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट डॉ. प्रभात रंजन एवं डॉ. चिरंजीवी शामिल थे। महिला अन्नु कुमारी ने बताया कि इस जटिल सर्जरी में कुल 1.25 लाख रूपये का खर्च आया है। उसने बताया कि पिछले दो वर्ष से इस बिमारी से पीड़ित थी। पेट 14 सप्ताह के गर्भवती महिला के तौर पर उभर आया था।
वहीं इस मौके पर एशियन हेल्थ केयर के सी.एम.डी., प्रसिद्ध सर्जन एवं पद्मश्री डॉ. एन.के. पांडेय और डायरेक्टर डॉ. प्रशांत पांडेय ने कहा कि हॉस्पिटल में सभी विभागों में इलाज और सर्जरी के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ अत्याधुनिक मशीनें, उपकरण और सुविधाएं उपलब्ध हैं। हॉस्पिटल किसी भी विभाग में बेहतरीन इलाज देने को कटिबद्ध है।


