बिहार सरकार पर पप्पू यादव का बड़ा हमला, बोले- बिहार के लोग ना कराएं कोरोना टेस्ट, नाइट कर्फ्यू का कोई तुक नहीं

पटना। बिहार में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए सरकार ने कई पाबंदियां भी लगाई हैं। स्कूल और कॉलेजों को 21 जनवरी तक बंद कर दिया गया है, इसके साथ ही नाइट कर्फ्यू भी लगाया गया है। दुकानों को रात आठ बजे तक ही खोलने की अनुमति दी गई है। सरकार कोरोना की रफ्तार को कम करने के लिए लगातार फैसले ले रही है। इस बीच जनअधिकारी पार्टी के प्रमुख और पूर्व सांसद पप्पू यादव ने कोरोना को लेकर अजीबोगरीब बयान दिया है। पप्पू यादव ने कहा है कि बिहार के लोगों को कोरोना टेस्ट नहीं कराना चाहिए।

पप्पू यादव ने कोरोना को लेकर अजीब बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि कोरोना क्या है। इससे ज्यादा तो अन्य बीमारियों से लोगों की मौत होती है। कोरोना से लड़ना सीखना होगा लेकिन यहां लोगों को डराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार और देश की जनता को कोरोना का टेस्ट नहीं कराना चाहिए। पप्पू यादव ने कहा कि कोरोना से पहले फ्लू, टीबी, कैंसर जैसी भी बीमारियां रही हैं। इस बीमारी के डर से ज्यादा तो लोग बेरोजगारी, भूखमरी से अपनी जान दे देंगे। पप्पू यादव ने यह भी कहा कि अस्पताल जाने की जरूरत नहीं है और ना ही जांच करवाने की जरूरत है। जिन राज्यों में चुनाव है वहां जांच क्यों नहीं हो रही है।

नाइट कर्फ्यू पर भी उठाए सवाल

नाइट कर्फ्यू पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि रात में कौन निकलता है जो नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। पूरे दिन सारी दुकानें खुली हुई हैं। ट्रेनें चल रही हैं, इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर भी कोई रोक नहीं है तो फिर रात में पाबंदी का क्या मतलब है। पप्पू यादव ने कहा कि मैं कानून को मानता हूं लेकिन लॉकडाउन का विरोध करता हूं।

You may have missed