पप्पू यादव The Bihar Files फिल्म का करेगें निर्माण, जानिए क्या है पूरा मामला
पूर्णिया। जन अधिकार पार्टी के संरक्षक सह पूर्व सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव अब फिल्म भी बनाएंगे। वे बिहार में कथित माफिया राज, भ्रष्ट्राचार व बेलगाम नौकरशाही पर The Bihar Files नामक फिल्म बनाएंगे। सोमवार को पूर्णिया पहुंचे पूर्व सांसद ने कहा कि बिहार की वर्तमान दयनीय दशा पर बिहार फाइल्स नामक फिल्म बनाने को लेकर उन्होंने मशहूर डायरेक्टर प्रकाश झा सहित अन्य से संपर्क साधा है। अगर वे लोग यह फिल्म बनाने को तैयार नहीं होंगे तो बतौर निर्माता वे खुद यह फिल्म बनाएंगे। उन्होंने कहा कि सूबे में अंधा कानून वाली स्थिति है। हर तरफ माफिया का राज है। भू-माफिया, बालू माफिया, पत्थर माफिया के साथ कई अन्य तरह के माफिया ने कानून व्यवस्था को पूरी तरह मजाक बना दिया है। यहां न्याय नहीं मिलने पर 14 साल का बालक आत्मदाह कर रहा है। सरेआम पंचायत प्रतिनिधियों को गोलियों से भूना जा रहा है।

पप्पू यादव ने कहा कि दबंगों द्वारा गरीबों व महिलाओं पर कहर ढाया जा रहा है। सत्ता विवश व बहरी हो चुकी है। आम आदमी पूरी तरह अक्रांत हैं। इन तमाम स्थिति को समेटती फिल्म बिहार फाइल्स होगी और जल्द ही यह फिल्म लोगों के बीच आएगी। एक सवाल के जबाब में पूर्व सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार निस्संदेह एक अच्छे राजनेता हैं, लेकिन अब भाजपा के आगे वे पूरी तरह विवश हो चुके हैं। मधेपुरा के पूर्व सांसद ने आगे कहा विधानसभा में उनकी बौखलाहट भले ही अमर्यादित थी, लेकिन गैर वाजिब नहीं थी। सूबे में बड़े-बड़े भाजपा नेता राजनीति की आड़ में क्या कर रहे हैं, यह अब किसी से छुपी नहीं है।

