पटना सिटी में ई-रिक्शा के पलटने से 9 साल की मासूम की दबकर दर्दनाक मौत, कई यात्री घायल
file photo
पटना। राजधानी के पटना सिटी में अचानक ई-रिक्शा के पलटने से 9 साल की बच्ची की मौत हो गयी है। घटना खाजेकला थाना क्षेत्र के मित्तन घाट चौराहा की बतायी जा रही है। बच्ची ई-रिक्शा से अपने घर लौट रही थी तभी अचानक ई-रिक्शा पलट गया और उसमें दबने से बच्ची की मौत हो गयी। मृतका की पहचान जानवी कुमारी के रूप में हुई है। जो पटना सिटी की रहने वाली थी। ई-रिक्शा के पलट जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। ई-रिक्शा पर सवार अन्य यात्री भी घायल हो गये हैं। इस घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है वही ई-रिक्शा के मालिक का पता लगाने में पुलिस जुटी हुई है। घटना के बाद ई-रिक्शा का चालक मौके से फरार हो गया है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जाता है कि ई-रिक्शा की रफ्तार काफी तेज थी। जिसके कारण अनियंत्रित होकर वह पलट गयी और यह घटना हुई। पुलिस ने अज्ञात ई रिक्शा चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


