कुख्यात बदमाश तनवीर आलम नागपुर से दबोचा गया, भागलपुर एसएसपी को सोशल मीडिया पर दी थी चुनौती
भागलपुर । कोतवाली थाना क्षेत्र के सूजागंज में सात जनवरी 2017 को दुकान पर बम फेंकने के आरोपी व भागलपुर एसएसपी को सोशल मीडिया पर चुनौती देने वाले कुख्यात बदमाश तनवीर आलम को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार किया है।

वह विवि थाना क्षेत्र के असानंदपुर का रहने वाला है। बमबारी की घटना के बाद से वह फरार था व पुलिस को उसकी तलाश थी। एसएसपी निताशा गुड़िया ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में मीडियों को उसकी गिरफ्तारी की जानकारी दी।
इस मौके पर एसपी सिटी स्वर्ण प्रभात भी मौजूद थे। सालों से फरार चल रहे कुख्यात बदमाश तनवीर आलम ने सोशल मीडिया पर भागलपुर पुलिस को चुनौती दी थी। एसएसपी ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर भागलपुर एसएसपी को गिरफ्तार करने की चुनौती देते हुए पोस्ट किया था। उसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में सक्रिय हो गई थी। उसकी लोकेशन नागपुर की आई। इसके बाद भागलपुर पुलिस ने नागपुर पुलिस से संपर्क किया।
एसएसपी ने बताया कि एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस की टीम बनाई गई थी, इसमें एएसपी सिटी शुभम आर्य, कोतवाली थाना में एसआई देवानंद पासवान व विवि थाना के एएसआई अमोद कुमार शामिल थे। इसी टीम ने नागपुर से तनवीर को गिरफ्तार किया।
कुख्यात तनवीर आलम कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। 2015 में उसने पत्रकारों को रोककर उनसे लूटपाट की थी। विरोध पर फायरिंग भी की थी। उस घटना के बाद पत्रकारों ने ही उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
उसपर आर्म्स एक्ट, लूट, रंगदारी और डकैती का केस दर्ज है। एसएसपी ने बताया कि भागलपुर रेल थाना में उसपर डकैती का केस दर्ज है। 2016 में दर्ज उस कांड में रेल पुलिस द्वारा उस कुख्यात को रिमांड पर लेने की बात उन्होंने कही।

