PATNA : नीतीश कैबिनेट की बैठक खत्म, 18 एजेंडों पर लगी मुहर

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज यानि शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कैबिनेट की बैठक की। कैबिनेट की बैठक में कुल 18 एजेंडों पर मुहर लगी है। सीएम, कई मंत्री, मुख्यमंत्री सचिवालय के कई अधिकारी और कर्मचारी के कोरोना संक्रमित होने के कारण 5 जनवरी के बाद से कैबिनेट की कोई बैठक नहीं हुई है। कैबिनेट ने राज्य पुलिस में कार्यरत सैप यानी स्पेशल एक्जिलेरी पुलिस के 17000 जवानों की अनुबंध अवधि वर्ष 2021 -22 के लिए विस्तारित कर दी है। सैप में भारतीय सेना के सेवानिवृत्त जवानों को अनुबंध के आधार पर भर्ती किया जाता है। कैबिनेट के फैसले में यह भी तय किया गया है कि गैर परिवहन वाहन को स्क्रैप किए जाने पर कर में 25 फीसद तक की छूट दी जाएगी, वही परिवहन वाहन को स्क्रैप करने पर टैक्स में 15% की छूट मिलेगी।

15 साल से अधिक पुराने वाहनों को स्क्रैप करने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कर में छूट का ऐलान सरकार की ओर से किया गया है। इसके तहत पुराने वाहनों को स्क्रैप करने पर टैक्स में 25 फीसद तक की छूट सरकार देगी। एक फैसले में सरकार ने पूर्वी चंपारण के चकिया केसरिया सत्तर घाट रोड के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण और अन्य कार्यों के लिए 4 अरब 48 करोड़ रुपए से अधिक राशि की स्वीकृति दी है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में राज्य में चिन्हित 2803 प्राइमरी स्कूलों में बेंच-डेस्क खरीदने हेतु 99 करोड़ से अधिक की राशि को मंजूरी मिली। वहीं कोविड संक्रमण से बचाव हेतु राज्य के सभी 1 से 12 कक्षा के छात्र- छात्रों को स्कूल में क्लास शुरू करने से पहले दो-दो मास्क देने का फैसला किया है। उसके लिए 51 करोड़ से अधिक की राशि को मंजूरी मिली। वही मोतिहारी के तत्कालीन जिला कृषि पदाधिकारी धर्मवीर पाण्डेय के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने से संबन्धित प्रमाणित आरोप के परिपेक्ष्य में सरकारी सेवा से अनिवार्य रिटायरमेंट के दंड के प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद से मंजूरी मिली।

You may have missed