खबरें फतुहा की : वृद्ध की डूबने से मौत, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
गंगा स्नान करने के दौरान वृद्ध की डूबने से मौत
फतुहा। दुर्गा पाठ के पूर्व संध्या पर गंगा स्नान करने आए वृद्ध दंपत्ति दरियापुर स्थित कटैया घाट पर नहाने के क्रम में डूब गये तथा पानी के तेज धार में बहने लगे। आसपास के लोगों ने तत्काल गंगा में कूदकर पत्नी को तो बचा लिया लेकिन वृद्ध की जान नहीं बच सकी। हालांकि कटैया घाट के आगे दरियापुर घाट पर वृद्ध की शव को गंगा से छानकर निकाल लिया गया। वृद्ध दंपति शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के सोह पर निवासी 70 वर्षीय राम बालक यादव व उनकी पत्नी 66 वर्षीय धनेश्वरी देवी है। दोनों गंगा स्नान करने कटैया घाट पर पहुंचे थे। पूजा के लिए साथ में गंगा जल भी ले जाना था। घटना की जानकारी होते ही पुलिस भी घाट पर पहुंची तथा वृद्ध के शव को कब्जे में ले लिया। वृद्धा धनेश्वरी देवी से पूछताछ कर पुलिस ने उसके बेटे को घटना की जानकारी दी।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

फतुहा। बुधवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभु तथा लालगंज के भाजपा विधायक संजय सिंह का फोरलेन नरैना पुल के पास भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। यह कार्यक्रम उत्तरी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष पारसनाथ यादव के नेतृत्व में आयोजित की गई। इस मौके पर गोपाल शर्मा, विनोद शर्मा, शशि कांत शर्मा, सोनु पासवान, पप्पू कुमार समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

