खबरें फतुहा की : माले कार्यकर्ता से मारपीट, बाइक-टेम्पो में टक्कर, बाइक चोरी, भाजपा कार्यकर्ता का निधन
माले कार्यकर्ता से मारपीट कर मोबाइल व पैसे छीने
फतुहा। मंगलवार की देर रात पटना के फतुहा प्रखंड अंतर्गत पुनपुन पुल के समीप असमाजिक तत्व के लोगों द्वारा भाकपा माले कार्यकर्ता से मारपीट कर मोबाइल फोन व पैसे छीन लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में पीड़ित माले कार्यकर्ता बिक्रमपुर गांव निवासी सुदामा रविदास ने थाने में असमाजिक तत्व के लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। पीड़ित की माने तो वह देर रात अपने गांव जा रहे थे तभी पुनपुन पुल के समीप गांव के ही असमाजिक तत्व के लोगों ने उन्हें रोक खैनी मांगने लगा। खैनी देने सें इंकार किए जाने पर असमाजिक तत्वों ने उनके साथ मारपीट कर बारह हजार रुपए छीन लिए। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

बाइक-टेम्पो की टक्कर, एक सवारी की मौत
फतुहा। मंगलवार की रात्रि थाना क्षेत्र के मछरियावां गांव के दक्षिण मालबिगहा गांव के पास फतुहा-दनियावां राजमार्ग पर एक बाइक व टेम्पो की टक्कर हो गई। इस घटना में टक्कर के बाद टेम्पो अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर ही पलट गई। टेम्पो पर सवार चार लोग जख्मी हो गए। जख्मी लोगों का इलाज स्थानीय लोगों के द्वारा निजी अस्पताल में कराया गया। इलाज के दौरान एक सवार की मौत हो गई। मृतक मछरियावां गांव के 31 वर्षीय हरिराम पासवान है। जख्मी लोगों में मृतक का भाई संतोष पासवान के साथ दो अन्य है। बताया जाता है कि मृतक अपने भाई के साथ आॅटो द्वारा दनियावां से मछरियावां गांव की ओर लौट रहा था तभी मालबिगहा गांव के पास आॅटो सामने से आ रही एक बाइक से टकरा गई। पुलिस ने शव को बीते रात ही कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना भेज दिया है।
किसान की बाइक चोरी
फतुहा। बुधवार को सुबह नयका रोड स्थित दनियावां-बिहटा-सरमेरा पथ पर मुस्तफापुर गांव के पास बदमाशों ने एक किसान की बाइक चोरी कर ली। थोड़ी देर बाद पीड़ित किसान उक्त सड़क पर पहुंचा तो देखा कि उसका बाइक गायब था। किसान मुस्तफापुर निवासी तरुण कुमार ने बताया कि वह बाइक को सड़क किनारे खड़ी कर अपने खेत में मसूर का बीज छींट रहा था। तभी बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। पीड़ित किसान ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी है।
भाजपा कार्यकर्ता सत्यनारायण तिवारी का निधन, शोक की लहर
फतुहा। बुधवार को भाजपा के पुराने कार्यकर्ता रायपुरा निवासी सत्यनारायण तिवारी का निधन हो गया। उनकी निधन हृदय गति के रुक जाने से हुई है। वे 84 वर्ष के थे तथा जनसंघ के समय से ही वे भाजपा कार्यकर्ता के रुप में काम करते रहे। उनकी निधन की खबर आते ही स्थानीय भाजपाईयों में शोक की लहर फैल गई। कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर शोक जताया और कहा कि उनके निधन से भाजपा के मार्गदर्शन में अपूरणीय क्षति हुई है। रामजी प्रसाद, राणा राजेंद्र पासवान, शोभा देवी, अनामिका अग्रवाल, अरुण झा, सुनील वर्मा समेत दर्जनों कार्यकर्ता ने शोक प्रकट किया है।

