खबरें फतुहा की : लाखों रूपये की साड़ी व कपड़ा चोरी, पुतला जला अंतिम संस्कार किया

कपड़ा व्यवसायी के गोदाम से लाखों रूपये की साड़ी व कपड़ा चोरी
फतुहा। पटना के फतुहा प्रखंड के गोविंदपुर बाजार स्थित एक कपड़ा व्यवसायी के गोदाम से ताला खोलकर चोरों ने करीब पांच लाख रुपये की पैकेजिंग साड़ी व अन्य कपड़े चोरी कर लिए। पिछले दो दिन से गोदाम बंद रहने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चोरी किस रात को हुई। लेकिन कपड़ा व्यवसायी को इस बात की जानकारी रविवार को तब हुई जब आसपास के लोगों ने गोदाम का गेट खुले होने की जानकारी दी।
पीड़ित गोविंदपुर निवासी अजय कुमार का गोविंदपुर बाजार में आशीर्वाद वस्त्रालय का पुराना प्रतिष्ठान है। कुछ दिनों से अपने पुराने मकान को छोड़कर नये मकान में रह रहा था। पुराने मकान को वह कपड़े का गोदाम में इस्तेमाल कर रहा था। इसी पुराने मकान के गोदाम से चोरों ने लाखों रुपये की पैकेजिंग साड़ी व अन्य कपड़े चोरी कर लिए। अजय कुमार की माने तो चोर पैकेट से साड़ी को निकाल ले भागे हैं तथा ज्यादातर खाली पैकेट को वहीं पर छोड़ दिया है। जिस तरह से चोरों ने गोदाम में हाथ साफ किए हैं, उससे स्पष्ट है कि चोरों ने गोदाम में अच्छा खासा समय बिताया है तथा लाखों की साड़ी को बंडल में बांध ले भागा है। पीड़ित कपड़ा व्यवसायी अजय कुमार ने इस संदर्भ में सूचना थाने में दिए जाने की बात कही है।

शव नहीं मिलने पर परिजनों ने पुतला जला अंतिम संस्कार किया
फतुहा। रक्षाबंधन के दिन रायपुरा के सीढ़ी घाट पर गंगा में डूबे किशोर का शव आठ दिन बीत जाने के बाद भी नहीं मिला। अंतत: परिजनों ने शव मिलने का आस छोड़कर पुतला जला उसकी अंतिम संस्कार कर दिया। विदित हो कि रक्षाबंधन के दिन राखी बंधवाने से पहले गंगा नहाने गया किशोर बुद्धदेव चक निवासी नीरज कुमार गंगा में डूब गया था। उसकी तलाश के लिए स्थानीय गोताखोर से लेकर एसडीआरएफ की टीम ने लगातार दो से तीन दिन तक खोज की थी लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चला।

You may have missed