खबरें फतुहा की : अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनी, 58 ली. विदेशी शराब बरामद, दो किशोर समते तीन गिरफ्तार

पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनायी गयी
फतुहा। शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा चौराहा के पास निजी परिसर में भाजपा नेत्री शोभा देवी के नेतृत्व में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती मनायी गयी। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उनके प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा देश हित में उनके किए गए योगदानों को याद किया। इस मौके पर अरविंद यादव, भास्कर लाल पटवा, अरुण झा, रंजीत साहु, सुनील वर्मा, श्याम किशोर, रंजना गुप्ता, अनामिका अग्रवाल, रुबी देवी समेत कई लोग मौजूद थे। दूसरी तरफ उतरी ग्रामीण मंडल में पारसनाथ यादव, दक्षिणी ग्रामीण मंडल में रामतीर्थ कुमार व रायपुरा में युवा मोर्चा के अभिषेक झा के नेतृत्व में अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती मनाई गई।

विशेष छापेमारी में 58 लीटर विदेशी शराब बरामद
फतुहा। शनिवार को अहले सुबह पटना के फतुहा थाना पुलिस ने गंगा किनारे से विशेष छापेमारी करते हुए 58 लीटर विदेशी शराब बरामद किया है। हालांकि धंधेबाज भागने में सफल हो गए। जब्त विदेशी शराब में 170 फ्रूटी पैक तथा 375 एमएल की 71 बोतल शराब शामिल है, जो अलग-अलग ब्रांड के है। पुलिस ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की है। बाजार में जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 58 हजार रुपए बतायी जाती है। दूसरी तरफ पुलिस शराब से जुड़े मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है तथा पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गये लोगों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ATM आडिटर का बाइक सवार बदमाश बैग लेकर फरार
फतुहा। शनिवार को बिहार शरीफ के रहने वाले एटीएम आडिटर से बाइक सवार बदमाशों द्वारा बैग लेकर भाग जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संदर्भ में पीड़ित आडिटर नवीन निश्चल ने थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। पीड़ित की माने तो दनियावां के फरीदपुर बाजार से एक एटीएम का आडिट कर बाइक द्वारा पटना जा रहा था तभी मछरियावां गांव के समीप बाइक खड़ी कर सड़क किनारे चला गया। इसी दौरान बाइक पर सवार बदमाश आए और बाइक पर रखे बैग को ले भागे। बैग में 25 सौ रुपए व जरुरी कागजात थे। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।
चोरी की बाइक के साथ दो किशोर गिरफ्तार
फतुहा। शुक्रवार की रात्रि पुलिस ने गश्ती के दौरान फोरलेन आरओबी के पास चोरी की बाइक के साथ दो किशोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक उन दोनों ने बाइक संबंधित कोई भी कागजात पेश नहीं किया। जब्त बाइक की रजिस्ट्रेशन नंबर से छानबीन की गई तो पता चला कि यह बाइक चोरी की है। छानबीन के बाद पुलिस ने दोनों किशोर को किशोर न्यायालय में पेश किया गया। इस बात की जानकारी एसआई ललित विजय ने दी है।
गांजे के साथ एक युवक गिरफ्तार
फतुहा। बीते रात्रि पुलिस ने मकसुदपुर गांव के समीप एक गुमटी से 44 ग्राम गांजे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी काला दियारा निवासी सत्येंद्र राय है। इस बात की जानकारी देते हुए अनुसंधानकर्त्ता एसआई राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक गुमटी से गांजा बेचने का काम कर रहा है। उनके मुताबिक गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया है।