December 7, 2025

NDA में मचे घमासान को ले डैमेज कंट्रोल की कोशिश, जायसवाल बोले- तीनों दल एक साथ लड़ेंगे विस चुनाव

पटना। लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा था कि पार्टी को 43 सीट से कम मंजूर नहीं है। इसके बाद भाजपा नेता संजय पासवान ने लोजपा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए साफ कर दिया था कि बिहार में सरकार बनाने के लिए लोजपा की कोई जरूरत नहीं है। इसके बाद राजनीतिक गलियारे में राजग में टूट को लेकर संभावना जतायी जा रही थी, लेकिन चिराग और संजय पासवान के बयान के बाद एनडीए में मचे घमासान को लेकर संजय जायसवाल ने डैमेज कंट्रोल की कोशिश की है। रविवार को मीडिया के सामने आकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने एनडीए के घटक दलों में किसी तरह के आपसी विवाद होने की अटकलों पर विराम लगाते हुए गठबंधन को अटूट बताया। उन्होंने कहा कि तीनों दल भाजपा, जदयू और लोजपा एकसाथ मिलकर बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। हमारे गठबंधन में लोकतंत्र है और सभी अपनी बातें रखने के लिए स्वतंत्र हैं। एनडीए के तीनों दलों के लिए जनता का विकास प्रमुख है। गठबंधन में न आपसी मतभेद हैं, न मनभेद।
बताते चलें चिराग पासवान ने पिछले दिनों साफ कर दिया था कि पार्टी को 43 सीट से कम मंजूर नहीं है। चिराग ने लोजपा के वरीय नेताओं को सभी 243 सीटों पर तैयारी करने का टास्क सौंपा है। चिराग ने कहा था कि उनके पास खोने को कुछ नहीं है। अभी उनके दो विधायक हैं। इससे नीचे वे क्या जाएंगे? ऐसे में अगर उन्हें सम्मानजनक सीट नहीं मिलती है तो अकेले भी मैदान में कूद सकते हैं।
चिराग पासवान का यह बयान सामने आने के बाद भाजपा नेता संजय पासवान ने लोजपा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए स्पष्ट कहा था कि बिहार में सरकार बनाने के लिए लोजपा की कोई जरूरत नहीं है। बिना लोजपा के भी जदयू-भाजपा सरकार बना सकती है। चिराग सत्ता में बने रहने के लिए नाटक कर रहे हैं।

You may have missed