PATNA : NCB ने दो तस्करों को राजीव नगर से दबोचा, कीमती नशीले पदार्थ की बड़ी खेप बरामद

पटना। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ने कीमती नशीले पदार्थ की एक बड़े खेप को पकड़ा है। इस खेप को एनसीबी की टीम ने तब पकड़ा, जब एक तस्कर इसे उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से लेकर पटना पहुंचा था। इसे रिसीव करने के लिए एक रिसीवर भी आया हुआ था। नशीले पदार्थ की डिलीवरी राजधानी पटना के राजीव नगर इलाके से हो रही थी। एनसीबी को इसकी भनक पहले लग चुकी थी। इसके बाद जोनल डायरेक्टर कुमार मनीष के निर्देश पर सुप्रीटेंडेंट राजन कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए कैमूर के जैतपुर गांव के रहने वाले तस्कर मनोज कुमार और पटना जिले के नौबतपुर के रहने वाले रिसीवर रोहित कुमार को एक बड़े खेप के साथ पकड़ा। तस्कर मनोज एक एसयूवी गाड़ी से था। जबकि रिसीवर स्कॉर्पियो से आया था। इनके पास से 280 ग्राम हेरोइन, 255 ग्राम अल्प्राजोलम और 9 किलो काला पत्थर के साथ-साथ 4.75 लाख कैश, एक देशी पिस्टल और 12 गोली बरामद की गई। बताया जाता है कि ये तस्कर हेरोइन और अल्प्राजोलम में काला पत्थर का इस्तेमाल करते हैं, जिससे नशीले पदार्थ की क्वांटिटी बढ़ जाती है। एक ग्राम में 4 पुड़िया नशीला पदार्थ तैयार होता है। इसे बाजार में 500-700 रुपए के बीच बेचा जाता है।


एनसीबी के अनुसार, कैमूर जिला पूर्वी उत्तर प्रदेश से सटा हुआ है, जिसका फायदा मनोज और उसके गैंग में शामिल लोग भरपूर उठाते हैं। काफी समय से नशीले पदार्थ की तस्करी में लगा है। पटना लाने के बाद नशीले पदार्थ के छोटे-छोटे खेप स्ट्रीट पैडलर्स को दिए जाते हैं। वहीं से उसकी सप्लाई नशेड़ियों तक होती है। एनसीबी की टीम पकड़े गए दोनों लोगों से पूछताछ कर रही है। इस मामले में एनसीबी की एक स्पेशल टीम गाजीपुर और उसके आसपास के इलाकों में तस्करों के बारे में पड़ताल कर रही है। जोनल डायरेक्टर के अनुसार, इस धंधे में तस्करों के कई लेअर होते हैं। बावजूद इसके मेन लीडर तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

You may have missed