अररिया में युवती की हत्या से सनसनी: एक तरफा प्यार में वारदात, पेड़ पर लटका मिला शव

अररिया। बिहार के अररिया जिले में एक तरफा प्यार में युवती की हत्या कर दी गई। उसका शव घर से कुछ दूरी पर पेड़ से लटका मिला। शव को देखने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जिसके बाद स्थानीय लोगों इसकी जानकारी भरगामा थाना पुलिस को दी। घटना भरगामा प्रखंड क्षेत्र के मनुल्लाहपट्टी पंचायत के वार्ड संख्या 6 की है। मृतका की पहचान संजय पासवान की बेटी गुड़िया कुमारी के रूप में हुई है। 10 जून को उसकी शादी होनी थी। परिजनों का कहना है कि शुक्रवार सुबह हमेशा की तरह टहलने निकली थी। इसी दौरान पड़ोस के ही एक युवक ने उसका अपहरण कर लिया और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसी के दुपट्टे से शव को पेड़ से लटका दिया। पहले भी वो शादी तोड़ने का प्रयास कर चुका था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतका के चाचा विजय पासवान ने बताया कि उनकी भतीजी गुड़िया कुमारी शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे घर से बाहर टहलने निकली थी। इसी दौरान पहले से घात लगाए पड़ोसी रामदेव पासवान का पुत्र किशन कुमार ने उसके मुंह में कपड़ा डालकर अपहरण कर लिया। फिर गले में दुपट्टा लगाकर हत्या कर उसके शव को एक पेड़ पर टांग दिया। गुड़िया के पिता संजय पासवान के मुताबिक, गुड़िया इंटर की छात्रा थी और उसकी शादी रानीगंज थाना क्षेत्र के हांसा पंचायत में आगामी दस जून को होनी थी। उसकी शादी का कार्ड भी छप चुका था। संजय पासवान ने बताया कि एक महीने पहले उसका फलदान हुआ था। इस बात की जानकारी किशन कुमार को भी थी। इसी बीच किशन ने अपने सहयोगी के साथ मिलकर उसका रिश्ता भी बिगाड़ने का प्रयास किया था। जिस पर मेरे संबंधी सुभाष पासवान ने हम लोगों को इसकी जानकारी भी दी थी। उन्होंने बताया कि शगुन का कपड़ा फर्नीचर और जरूरत का सामान भी लड़के पक्ष को दे दिया गया था। घर में उसकी शादी की तैयारी शुरू हो चुकी थी, लेकिन गुरुवार रात इस घटना ने पूरे परिवार को मर्माहत कर दिया। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया शुरुआती जांच में मामला संदेहास्पद प्रतीत होता है। मृतका के गले के आगे वाले हिस्से पर रस्सी का गहरा जख्म दिख रहा है। जबकि गले के पीछे वाले हिस्से पर कोई भी निशान मौजूद नहीं है। जबकि प्रशासन के पहुंचने से पहले हीं ग्रामीण व परिजन के सहयोग से शव को पेड़ से उतार लिया गया था। फिलहाल परिजन की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed