बक्सर में अवैध संबंध में हत्या, पति ने प्रेमी के साथ पकड़ा, पत्नी को मार डाला

बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में रविवार रात प्रेम प्रसंग में पति ने अपनी पत्नी की सिर में बाट मारकर हत्या कर दी। आरोपी पति ने रात 12 बजे अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ अवैध संबंध बनाते हुए देख लिया था। जिसके बाद पति से दोनों की लड़ाई होने लगी। पति ने जब इसका विरोध किया तो प्रेमी के साथ उसकी मारपीट होने लगी। पत्नी ने भी अपने प्रेमी का साथ दिया। जिसके बाद गुस्से में आरोपी ने पत्नी के सिर पर बाट मार दिया। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मर्डर से पहले ही पत्नी ने अपने प्रेमी को वहां से भगा दिया था। इसके बाद पति-पत्नी के बीच जमकर लड़ाई हुई। थोड़ी देर पति ने उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी अपनी पत्नी की लाश के पास 1 घंटे तक बैठ रहा। हत्या के बाद पति ने रात 1 बजे थाने में फोन किया और वारदात की जानकारी दी। उसने पुलिस से कहा, ‘मैंने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी साथ अवैध संबंध बनाते हुए देख लिया था, इसलिए उसे मार डाला। घटना की जानकारी मिलने के बाद रात करीब 2 बजे पुलिस पहुंची। शव को कब्जे में लेकर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल प्रेमी की तलाश की जा रही है। घटना डुमरांव थाना क्षेत्र के लाखनडिहरा गांव की है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति सुनील साह रविवार रात करीब 10 बजे अपने घर लौटा। उसने देखा कि घर का दरवाजा खुला है। वो अपनी पत्नी प्रमिला देवी का नाम पुकारते हुए अंदर घुसा। जब वो कमरे के अंदर गया तो उसने गांव के ही एक युवक मैना पासवान के साथ प्रमिला को अवैध संबंध बनाते रंगेहाथों पकड़ लिया। जिसके बाद वह आग बबूला हो गया। फिर तीनों के बीच तू-तू-मैं-मैं शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि प्रेमी ने सुनील के साथ हाथापाई शुरू कर दी। ये सब देख पत्नी बीच-बचाव करने आई और उसने प्रेमी को मौके से भगा दिया। इसके कुछ देर तक पति-पत्नी के बीच बहस हुई। गुस्से में आकर सुनील ने पास में रखा बटखरा उठाया और पत्नी के सिर पर मार दिया। पत्नी वहीं गिर गई। इसके बाद आरोपी उसे तब तक मारता रहा, जबतक उसकी मौत न हो गई। इसके बाद उसने पुलिस को कॉल कर वारदात की जानकारी दी। जब तक पुलिस आती, आरोपी अपनी पत्नी की लाश के पास बैठा रहा। हत्या की सूचना मिलते ही डुमरांव एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी, थानाध्यक्ष शंभू भगत और अपर थानाध्यक्ष संजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सुनील साह को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों ने बताया, ‘सुनील साह की यह दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी भी उसे छोड़कर भाग गई थी। 6 साल पहले दूसरी शादी प्रमिला देवी से किया था, जिससे दो बच्चे हैं। इनमें एक बच्चा 6 महीने का दूसरा 4 साल का है। सुनील का गांव में ही किराने का दुकान है, जिसे उसकी पत्नी ही चलाती थी। दुकान पर खरीदारी करने मैना पासवान अक्सर आया करता था। इसी दौरान वह सुनील की पत्नी के करीब आ गया। वारदात वाली रात यानी रविवार को भी मैना पासवान घर से सामान लेने के बहाने उसके दुकान पर गया था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बटखरा बरामद कर लिया है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। डुमरांव एसडीपीओ अफाक अख्तर अंसारी ने बताया इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वहीं, मृतका के फरार प्रेमी मैना पासवान की तलाश जारी है।
