BIHAR : वैशाली में सबसे अधिक शराब बरामद तो पटना गिरफ्तारी के मामले में टॉप पर
पटना। बिहार में अभी शराब का मुद्दा गरमाया हुआ है। इस बीच बिहार पुलिस मुख्यालय ने राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस के द्वारा चलाए गये विशेष छापेमारी अभियान को ले मुख्यालय ने इस साल जनवरी से अक्टूबर 2021 तक की गई कार्रवाई की जानकारी साझा की है।
62,140 अभियुक्तों की गिरफ्तारी
बिहार पुलिस मुख्यालय के द्वारा जारी आंकड़े के अनुसार, जनवरी से अक्टूबर माह तक शराबबंदी कानून के अंतर्गत पूरे राज्य में अलग-अलग जिलों में चलाई गई छापेमारी अभियान में कुल 49900 मामले दर्ज किये गये। इतने ही महीने के अंदर लगभग 38,72,645 लीटर शराबद बरामद व जप्त किये गये। मुख्यालय द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार, बिहार पुलिस ने अक्टूबर तक कुल 12,93,229 लीटर देशी शराब व 25,79,415 लीटर विदेशी शराब बरामद किये हैं। इस दौरान कुल 62140 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई है। वहीं 12,200 वाहनों को भी जप्त किया गया है। गिरफ्तार किये गये अभियुक्तों में 1590 ऐसे लोग रहे, जो दूसरे राज्यों के निवासी हैं।
शराब बरामदगी में सबसे उपर वैशाली
शराब बरामदगी के मामले में सबसे उपर वैशाली जिला रहा, जहां कुल 4 लाख 56 हजार 359 लीटर शराब बरामद किये गये। वहीं बरामदगी में दूसरा स्थान पटना का है। मुजफ्फरपुर तीसरा जबकि औरंगाबाद चौथे नंबर पर है। टॉप 5 जिलों में पांचवा स्थान मधुबनी का बताया गया है, जहां से 2 लाख 23 हजार 767 लीटर शराब बरामद किये गये।
सबसे अधिक गिरफ्तारी पटना से
शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने के आरोप में सबसे अधिक अभियुक्त पटना से गिरफ्तार किये गये हैं। पुलिस मुख्यालय के अनुसार पटना से सबसे अधिक 6855 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं सारण का स्थान दूसरा है। मोतिहारी नंबर तीन तो नवादा नंबर चार पर बताया गया है। टॉप 5 में पांचवें नंबर पर मुजफ्फरपुर है, जहां से 2660 गिरफ्तारी की गई है।


