December 3, 2025

अगले 24 घंटे में केरल में मानसून देगा दस्तक, 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, बदलेगा मौसम

नई दिल्ली। भारत में इस वर्ष मानसून ने समय से पहले दस्तक देने की तैयारी कर ली है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में मानसून केरल के तटों पर पहुंच सकता है। यह सामान्य तिथि 1 जून से लगभग एक सप्ताह पहले है। इससे पहले 2009 और 2001 में मानसून 23 मई को पहुंचा था। यह मानसून का 16 वर्षों में सबसे पहले आगमन है।
अरब सागर में बन रहा है दबाव क्षेत्र
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार, अरब सागर में एक निम्न दबाव क्षेत्र विकसित हो रहा है, जो 24 मई तक और गहरा हो सकता है। इसके कारण समुद्र में उथल-पुथल बढ़ सकती है और तटीय इलाकों में मौसम खराब रह सकता है। खासतौर पर केरल, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र के समुद्र तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने 15 राज्यों में आगामी कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें केरल, कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, ओडिशा, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, असम और मेघालय जैसे राज्य शामिल हैं। इन राज्यों में अलग-अलग अलर्ट स्तर जारी किए गए हैं।
तीन राज्यों में रेड अलर्ट जारी
केरल, गोवा और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। केरल के कई जिलों में 27 मई तक बहुत भारी बारिश की संभावना है। गोवा में 25 मई तक भारी बारिश को लेकर चेतावनी दी गई है। वहीं कर्नाटक के उत्तरा कन्नड़, उडुपी, दक्षिण कन्नड़, कोडागु, शिवमोग्गा और चिकमंगलूर जिलों में भी भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
ऑरेंज अलर्ट और तेज हवाओं की संभावना
गुजरात, यूपी, तेलंगाना, तमिलनाडु, ओडिशा और मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। गुजरात के जूनागढ़, अमरेली, भावनगर और गिर सोमनाथ जिलों में तेज हवाओं और बिजली के साथ भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में तूफानी हवाएं और मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है।
बिहार और उत्तर भारत पर भी असर
बिहार में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है। 24 मई को राज्य के विभिन्न हिस्सों में 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और गरज के साथ बारिश हो सकती है। यह स्थिति 27 मई तक बनी रह सकती है। उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले और हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में भी तेज हवाओं और बिजली गिरने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत
राजधानी दिल्ली में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। 24 मई को यहां आंशिक रूप से धूप के साथ हल्की धुंध बनी रह सकती है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। साथ ही मौसम विभाग ने धूल भरी आंधी, हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारों की चेतावनी दी है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
अगले कुछ दिन सावधानी के
देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिन भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बौछारों से प्रभावित रहेंगे। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम विभाग के अपडेट्स पर नजर रखें और आवश्यक सतर्कता बरतें, विशेष रूप से तटीय और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।

You may have missed