निगरानी विभाग की टीम की पटना में इंजीनियर के ठिकाने पर छापेमारी, 50 लाख से अधिक कैश बरामद
पटना। बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई जारी है। इस कड़ी में जल संसाधन विभाग के इंजीनियर के पटना के ठिकानो पर बुधवार को निगरानी विभाग की टीम ने छापेमारी की है। आय से अधिक संपत्ति मामले में जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता कृष्ण प्रसाद के ठिकाने पर निगरानी की छापेमारी चल रही है। पटना में गोला रोड के पास रंजन पथ में स्थित इंद्रा एन्क्लेव अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 204 में रेड चल रही है। मिली जानकारी के मुताबिक अब तक इंजीनियर के ठिकाने से 50 लाख से ज्यादा कैश बरामद हुआ है। बताया जा रहा हैं की जल संसाधन विभाग में इंजीनियर हरे कृष्ण प्रसाद की पोस्टिंग काफी समय से सीवान जिले में है। ये मूल रूप से सुपौल जिला के रहने वाले हैं। पटना में रूपसपुर थाना के तहत गोला रोड में स्थित एक अपार्टमेंट में इनका फ्लैट है। परिवार के साथ इंजीनियर हरे कृष्ण प्रसाद पटना में ही रहते हैं। निगरानी विभाग को इंजीनियर के खिलाफ लगातार शिकायत मिल रही थी।

वही सूचनाओं के आधार पर निगरानी विभाग ने इंजीनियर हरे कृष्ण प्रसाद के खिलाफ जांच के लिए एक टीम बनाई थी। जांच में सूचना मिली कि हरे कृष्ण प्रसाद ने जमकर काली कमाई की और अकूत संपत्ति अर्जित की। जिसके बाद ठोस आधार मिलने के बाद निगरानी ने भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज किया। इसके बाद निगरानी की टीम बुधवार सुबह इंजीनियर के ठिकाने पर छापेमारी की। छापेमारी अभी जारी है। निगरानी की रेड के बाद ही पता चलेगा कि इंजीनियर ने भ्रष्टाचार कर कितना कैश जमा किया हैं और कहां-कहां संपत्ति बनाई है।

