ललन का अनंत पर वार: जो बाहुबली जनता को धमकाया, जेल जाएगा
बाढ़। बिहार सरकार में जल संसाधन मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का मुंगेर के मतदाताओं ने भव्य नागरिक अभिनंदन पंडारक के सिल्दही में किया। समारोह में सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित थे। समारोह को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने बाहुबली विधायक अनंत सिंह का बिना नाम लिए बहुत कुछ कह डाला। मंत्री ललन सिंह ने स्पष्ट तौर पर कहा कि बिहार में नीतीश कुमार यानी सुशासन बाबू की सरकार है। अगर कोई बाहुबली जनता को धमकाएगा तो उसकी जगह सिर्फ जेल है। यहां किसी को किसी से डरने की जरुरत नहीं है।

ललन सिंह ने हमला जारी रखते हुए कहा कि बिहार में न तो छोटे सरकार है, न बड़े सरकार। यहां सिर्फ नीतीश कुमार की सुशासन सरकार है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज है। इस पर नीतीश कुमार ने ना कभी समझौता किया है और ना आगे करेंगे। शहाबुद्दीन जैसे बाहुबली भी इस सरकार में जेल में सजा काट रहे हैं और बाहर आने की भी इस सरकार के रहते कोई उम्मीद नहीं है। वहीं राजद के निलंबित विधायक राजवल्लभ यादव भी अपने गुनाहों को लेकर सीखचों में कैद है।
समारोह में उमङी भारी भीड़ से उत्साहित मंत्री ललन सिंह ने नीतीश सरकार की जमकर सराहना करते हुए उपस्थित लोगों से अपील किया की वे अपने बच्चों को जरुर पढ़ाएं। नीतीश सरकार ने गरीबों के लिए शिक्षा ऋण का इंतजाम किया है। सभी लोग स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड का लाभ उठाएं। जो लोग शिक्षा ऋण को लौटा पाने में अक्षम होंगे, उसका ॠण बिहार सरकार माफ कर देगी। उन्होंने कहा कि बिना शिक्षित हुए किसी भी क्षेत्र में विकास नहीं हो सकता है। वहीं अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए जदयू प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा कि बिहार सरकार गरीबों को समर्पित है। नीतीश कुमार के राज में गरीबों की भलाई को लेकर कई योजनाएं चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस सभा में बड़ी तादाद में समाज के गरीब तबके के लोग उपस्थित हैं, जिनका विश्वास नीतीश कुमार पर है।
इससे पहले मंत्री ललन सिंह का रोड शो अथमलगोला के सबनिमा गांव से शुरु हुआ, जो सिल्दही में जाकर समाप्त हुआ। रोड शो में हजारों बाइक के साथ 250 से 300 गाड़ियां शामिल थी। रोड शो का नेतृत्व इब्राहिमपुर पंचायत से तीन बार मुखिया रह चुकी मीरा देवी और उनके पति गुहन महतो उर्फ भगत मुखिया कर रहे थे। बताया जाता है कि बाढ़- मोकामा टाल क्षेत्र में धानुक वोटरों पर भगत मुखिया का काफी प्रभाव है। वे धानुक महासभा के बैनर तले धानुक वोटरों को गोलबंद करने में काफी पहले से जुटे हैं। क्षेत्र में चर्चा तो यह भी है कि इन्हीं वोटरों के दम पर आगामी विधानसभा चुनाव में भगत मुखिया भी किस्मत आजमा सकते हैं।
सूत्र बताते हैं कि बाहुबली अनंत सिंह भी मुंगेर लोकसभा में ही मौजूद हैं और वह भी जनसंपर्क तेज किए हुए हैं। बहरहाल देखना दिलचस्प होगा कि आगामी लोकसभा चुनाव में मुंगेर के मतदाता किसे जीत का सेहरा पहनाते हैं। लेकिन यह तो तय है कि इस हॉट सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है।

