BSP प्रदेश महासचिव मो. कमालुद्दीन ने थामा HAM का दामन, मांझी ने सुनी जनता दरबार में लोगों की शिकायतें
पटना। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (से) के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के आवास पर मंगलवार को तीसरा जनता दरबार लगा। जनता दरबार में पार्टी के जीतन राम मांझी एवं पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एवं बिहार सरकार में लघु जल संसाधन अनुसूचित जाति जनजाति कल्याण मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन, विधायक ज्योति मांझी, प्रदेश अध्यक्ष बीएल वैश्यन्त्री और राष्ट्रीय महासचिव डॉ. दानिश रिजवान नेलोगों की शिकायतें को सुना और त्वरित कार्रवाई हेतु संबंधित पदाधिकारियों से बातें की।
इस दौरान जीतन राम मांझी ने कहा कि गरीबों और दलितों की भूमि विवाद, झूठे मुकदमे, महिला उत्पीड़न एवं अन्य समस्याओं को लेकर लोग हमारे जनता दरबार में आते हैं। हमारे जनता दरबार में आए हुए लोगों की समस्याओं का निदान भी होता है।
पदाधिकारी गरीब और दलितों की समस्याओं को सुनते हैं
वहीं जनता दरबार में पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए मंत्री डॉ. संतोष सुमन ने कहा कि हमारे पास जो भी समस्याएं आती है, वह ज्यादातर गरीबों और दलितों की समस्याएं होती हैं। उसका कारण है कि गरीब और दलित समाज के लोग बड़े पदाधिकारियों के पास जाने में संकोच करते हैं। लेकिन ऐसा नहीं है कि हमारी सरकार में पदाधिकारी गरीब और दलितों की समस्याओं को नहीं सुनते। हमारे पार्टी के पास जो भी लोग जन समस्या को लेकर आते हैं, उनकी समस्याओं का निदान कराना हमारी पार्टी की प्राथमिकता रहती है।
बसपा के प्रदेश महासचिव समर्थकों के साथ हम में शामिल


इस दौरान बसपा के प्रदेश महासचिव मो. कमालुद्दीन अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ हम पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मो. कमालुद्दीन जी के साथ हम पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में नेहाल अहमद, मो. कैसर, नाथू पासवान, मो. खुर्शीद आलम, संतोष पासवान आदि नेता शामिल हैं। मांझी ने कहा कि हमारी पार्टी गरीबों और दलितों की पार्टी है। पार्टी की विचारधारा को अपनाते हुए बहुत सारे लोग हम की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं, जिसमें आज बसपा नेता मो कमालुद्दीन अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

