पटना में विवाहिता की संदिग्ध मौत से हड़कंप, खेत में मिली लाश, गले में फंदे का निशान

- चाचा ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप, ससुराल वाले फरार, जांच में जुटी पुलिस
पटना। बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल स्थित घोसवरी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान 23 वर्षीय रूबी कुमारी के रूप में हुई है, जिसका शव मोकामा थाना क्षेत्र के शिवनार गांव के समीप एक मकई के खेत में बरामद किया गया। शव के गले पर फांसी के फंदे के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और भी संदेहास्पद हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रूबी की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व कर्रा गांव निवासी एक युवक से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि विवाह के समय सात लाख रुपये की नकद राशि समेत अन्य सामान दिए गए थे, बावजूद इसके ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। मृतका के चाचा विजय कुमार यादव ने बताया कि ससुराल पक्ष बुलेट मोटरसाइकिल, सोने की चेन और दो लाख रुपये नकद की मांग कर रहे थे। इन मांगों को लेकर रूबी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसके साथ मारपीट भी होती थी। घटना के दिन सुबह लगभग 9 बजे रूबी ने अपने मायके वालों से फोन पर बात की थी। बातचीत के एक घंटे बाद ही गांव के कुछ लोगों ने फोन कर उसके मौत की सूचना दी। जब परिजन कर्रा गांव स्थित ससुराल पहुंचे, तो घर में ताला लगा मिला और सभी ससुराल वाले फरार थे। इससे परिजनों का शक और गहरा गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार शव मकई के खेत में पड़ा मिला था और उसके गले पर रस्सी के फंदे का गहरा निशान था। घोसवरी थाना अध्यक्ष अजीत कुमार टिंकू ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों को देखते हुए पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस बीच एक चौंकाने वाली जानकारी यह भी सामने आई है कि ससुराल पक्ष ने शव को छिपाने का प्रयास किया था। हालांकि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को बरामद कर लिया। मृतका का पति फिलहाल दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट में मुंशी का कार्य करता है, और फिलहाल वह भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस की टीम फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस घटना ने एक बार फिर राज्य में दहेज प्रथा की कुरीति और महिला उत्पीड़न को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मृतका को न्याय दिलाने की मांग की है।गांव में मातम का माहौल है और परिजन सदमे में हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाएगी तथा दोषियों को कानून के दायरे में लाकर सख्त सजा दी जाएगी।
