मंच से सीएम नीतीश कुमार ने किया राजनीतिक संन्यास का ऐलान,कहा यह मेरा आखिरी चुनाव
पटना बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के प्रचार के अंतिम दिन प्रदेश के सीएम नीतीश कुमार ने इस चुनाव के उपरांत राजनीति से संन्यास लेने का बड़ा ऐलान कर दिया है। पूर्णिया के धमदाहा विधानसभा में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि यह चुनाव उनका अंतिम चुनाव है। इसके बाद संभवत वह चुनाव में सामने ना आएं। विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन नीतीश कुमार के इस ऐलान से जदयू तथा राजग में खलबली मच गई है। धमदाहा विधानसभा चुनाव में तृतीय चरण के प्रचार के आखिरी दिन जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने इस चुनाव को आखिरी चुनाव बताते हुए लोगों से आखिरी मौका देने की अपील की। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि अंत भला तो सब भला इसलिए मेरे राजनीतिक कैरियर को देखते हुए मुझे अंतिम मौका अवश्य दें।नीतीश कुमार ने मंच से कहा कि लोगों की कठिनाइयों के बारे में सोचकर उसके हिसाब से काम किया जा रहा है।गांवों को सड़कों से जोड़ा गया।लड़कियों को साइकिल और पोशाक दिया गया।हर घर तक नल का जल और हर घर बिजली पहुंचाया। जब से मौका मिला है तब से बिहार के लिए वह काम करते आ रहे हैं।नीतीश कुमार ने कहा कि कुछ लोगों को काम से मतलब नहीं था। जब उनको काम करने का मौका मिला तो हॉस्पिटल का क्या हाल था, सबको पता है।लेकिन अब स्थिति बदल गई है।एक पीएचसी में हर माह करीब 10 हजार लोग इलाज के लिए आते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में प्रदेश के अस्पतालों में डॉक्टर मौजूद रहते हैं दवा भी मिलता है।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमने पहले ही कहा कि राज्य के खजाने पर हक आपदा पीड़ितों का है। लेकिन जंगलराज के दौरान कुछ नहीं दिया जाता था। प्रदेश की बाढ़ की विभीषिका को लेकर सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी सरकार आरंभ काल से ही बाढ़ पर विशेष कार्य करते रही है।


