September 17, 2025

कटिहार में युवक ने एक्स-गर्लफ्रेंड को मार डाला, गोली मारकर की हत्या

कटिहार। कटिहार में एक प्रेमी ने अपनी 22 साल की एक्स-गर्लफ्रेंड के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। गुरुवार देर रात 2 बजे घर में घुसकर लड़की को गोली मारी गई। उस वक्त वो सो रही थी। वारदात पोठिया थाना क्षेत्र में हुई है। आरोपी आमोद मंडल पूर्णिया का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि दोनों दो साल पहले रिलेशनशिप में थे। रिलेशनशिप के छह महीने बाद आमोद ने युवती की प्राइवेट फोटो-वीडियो वायरल कर दी थी। मामले में एफआईआर हुई और युवक को जेल हो गई। पांच महीने पहले ही वह जेल से बाहर आया। उसने किसी और से शादी भी कर ली थी, लेकिन वो अपनी एक्स- गर्लफ्रेंड से बार-बार कॉन्टैक्ट करने की कोशिश कर रहा था। जबकि युवती उससे बात नहीं करना चाह रही थी। युवती के पिता ने बताया कि घटना के वक्त बेटी अपनी मां के साथ घर के बरामदे में सो रही थी। रात 2 बजे पुरानी टिकापट्टी निवासी अमोद कुमार मंडल अपने अन्य तीन साथियों के साथ आया। गोली मारकर फरार हो गया। युवती के सिर में गोली लगी है, जिसकी वजह से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर घर के परिजन जाग गए और शोर-गुल मचाना शुरू कर दिया। फिर आसपास के गांव के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जानकारी पोठिया थाना की पुलिस को दी। पिता ने बताया कि बेटी की नानी का घर पूर्णिया में है। वहां आना-जाना रहता था। इस दौरान ही आमोद ने बहला फुसलाकर उसे प्रेम जाल में फंसा लिया। अश्लील वीडियो-फोटो सोशल साइट पर वायरल कर दिए। जेल जाने से पहले उसने धमकी दी थी कि बाहर आकर पूरे परिवार को जान से मार देगा। थानाध्यक्ष विवेक कुमार दलबल के साथ डेढ़ घंटे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे। छानबीन करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज आगे की कार्रवाई में जुटे हैं। डीएसपी धर्मेंद्र कुमार कुमार ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा है। अपराधी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। जल्द ही अपराधी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You may have missed