2024 और 2025 को ध्यान में रखकर संगठन को बनाएं धारदार : उमेश कुशवाहा

  • जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने सभी नव-मनोनीत महानगर अध्यक्षों के साथ की बैठक

पटना। बिहार जदयू के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को नवमनोनीत महानगर अध्यक्षों के साथ बैठक की। मौके पर मुख्यालय महासचिव मृत्युंजय कुमार सिंह, सचिव मनीष कुमार, बासुदेव कुशवाहा रहे। वहीं पार्टी के स्वैच्छिक सहयोग राशि संग्रह अभियान के तहत सांसद संतोष कुशवाहा, दुलाल चन्द्र गोस्वामी, विधायक डॉ. संजीव कुमार समेत कई नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को अपने-अपने योगदान का चेक सौंपा।
योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाएं
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने अपने संबोधन में कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने संगठन की मजबूती के लिए आप सभी को महती दायित्व दिया है। महानगर-क्षेत्र किसी भी जिले की गतिविधियों और आकर्षण का केन्द्र होता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हाथों को मजबूत करने के लिए हमें न्याय के साथ विकास पर आधारित उनके बेमिसाल कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बिहार में कल्याणकारी योजनाओं की झड़ी लगा दी है। इन योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाना है।
10-10 निष्ठावान साथियों को जोड़ें
श्री कुशवाहा ने आगे कहा कि 2024 के लोकसभा और 2025 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन का विस्तार करें और उसे धारदार बनाएं। उन्होंने महानगर के प्रत्येक वार्ड में 10-10 समर्पित और निष्ठावान साथियों को जोड़ने का भी निर्देश दिया। साथ ही पार्टी के स्वैच्छिक सहयोग राशि संग्रह अभियान की सफलता के लिए जुटने की अपील की।
महानगर अध्यक्ष कमिटी का नए सिरे से गठन करें
बैठक में निर्णय लिया गया कि महानगर अध्यक्ष अपनी कमिटी का नए सिरे से गठन करेंगे। इस क्रम में उक्त 10 ग्रामीण जिला की वर्तमान कमिटी में जो महानगर के निवासी पदाधिकारी बने हैं, उन्हें ग्रामीण जिला कमिटी से पदमुक्त माना जायेगा एवं महानगर की नवगठित कमिटी में समायोजित किया जायेगा।
ये महानगर अध्यक्ष हुए शामिल
बैठक में प्रो. अरुण पटेल, सुशील कुमार कानोडिया, अविनाश कुमार, रमेश महतो, जवाहरलाल भारद्वाज, राजदीप राजा, गुलरेज अंसारी, जयप्रकाश चौधरी एवं पटना महानगर के अध्यक्ष रवीन्द्र पटेल उपस्थित हुए।

You may have missed