October 26, 2026

औरंगाबाद में आर्केस्ट्रा के दौरान फायरिंग की वायरल वीडियो की जांच में मिला लोकेशन, इन लोगों पर एफआईआर

औरंगाबाद । आर्केस्ट्रा के दौरान फायरिंग करने के मामले में वायरल वीडियो की पुलिस ने जांच की, जिसमें पता चला कि आयोजन स्थल मदनपुर थाना क्षेत्र के दरभंगा गांव है।

शुरुआत में यह वीडियो नवीनगर का लग रहा था। पुलिस ने मदनपुर थाने में एफआईआर कराई, जिसमें मुखिया सहित चार लोगों को नामजद आरोपित किया गया।

एफआईआर में नवीनगर थाना क्षेत्र के बड़वान गांव के मुखिया प्रिंस प्रताप सिंह, माली थाना क्षेत्र के खैरा गांव के बबलू सिंह, नवीनगर थाना क्षेत्र के धोबडीहा के लाल साहेब सिंह और दरभंगा गांव के दिनेश सिंह को आरोपित किया गया है।

इसके अलावा अज्ञात लोगों पर भी एफआईआर हुई है। इसमें कहा गया है कि 22 जुलाई को दरभंगा गांव में दिनेश सिंह के यहां बच्चे के जन्मदिन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ था।

इस दौरान बाहर से नर्तकियों को बुलाया गया था। नाच के दौरान ही बेलाई पंचायत के मुखिया प्रिंस प्रताप सिंह मंच पर आए और वहां इस दौरान पिस्टल से फायरिंग की।

थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि नवीनगर थाना से सूचना मिली थी कि हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल हो रहा है। जांच में यह बात सही पाई गई। एसआई नरेंद्र प्रसाद को दल-बल के साथ दरभंगा गांव भेजा गया था।

वहां से पता चला कि 22 जुलाई को दिनेश सिंह के घर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ था जिसमें प्रिंस प्रताप सिंह, बबलू सिंह, लाल साहिब सिंह मौजूद थे। प्रिंस प्रताप सिंह ने फायरिंग की।

वहीं पिस्टल को बबलू सिंह ने अपने कमर में रख लिया। लाल साहेब सिंह कुर्सी पर बैठकर सिगरेट का धुआं उड़ा रहे थे। कुछ अन्य अज्ञात व्यक्ति भी इसमें शामिल हुए थे। कोविड-19 का उल्लंघन करते हुए यह कार्यक्रम आयोजित हुआ।

दिनेश सिंह की पत्नी ने पूछताछ में जानकारी दी है कि उनकी बेटी का जन्मदिन था जिसको लेकर कार्यक्रम आयोजित हुआ था।

मदनपुर थाना में आर्म्स एक्ट और एपिडेमिक एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

You may have missed