संसदीय विशेषाधिकार की मर्यादा का ध्यान रखें सदस्य : अश्विनी चौबे

पटना। बिहार विधानसभा भवन के शताब्दी वर्ष एवं स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में संबोधन के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि संसदीय विशेषाधिकार की मर्यादा का पालन सदस्यगण अवश्य करें। केंद्रीय मंत्री गुरूवार को बिहार विधान मंडल के सेंट्रल हॉल में ‘संसदीय विशेषाधिकार और समिति प्रणाली’ विषय पर संबोधन कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बिहार के वैशाली का लिच्छवी गणराज्य ‘गणतंत्र’ का जन्म स्थान रहा है। हमारे वैदिक ग्रंथ से जानकारी मिलती है कि प्राचीन काल से ही विचार, विमर्श, तर्क और बातचीत को हमेशा प्रधानता दी गई। लोकतंत्र को जीवंत रखने में बिहार की अभूतपूर्व भूमिका रही है और लोकतंत्र यहां के जीवन शैली में रही है। श्री चौबे ने कहा कि देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। वहीं बिहार विधानसभा स्वर्णिम वर्ष पूरा कर अपनी 101वीं वर्षगांठ मना रहा है। दुनिया को लोकतंत्र से परिचय इस धरती से हुआ है। आजादी के 75 साल में भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की जड़ें और मजबूत हुई है। यह प्रसंता का विषय है। यह अमृतकाल है।
