आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी भाजपा में शामिल, कांग्रेस को लगा बड़ा झटका

आंध्र प्रदेश। कांग्रेस से नेताओं का पलायन करने का सिलसिला जारी है। देश के पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी के बेटे अनिल एंटनी के बाद अब आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री किरण कुमार रेड्डी ने भारतीय जनता का दामन थाम लिया है। रेड्डी को केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बीजेपी की सदस्यता दिलाई। किरण रेड्डी ने कुछ दिन पहले ही कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था और तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि वो भाजपा का दामन थाम सकते हैं। बीजेपी में किरण कुमार का स्वागत करते हुए प्रह्लाद जोशी ने कहा, ‘किरण कुमार रेड्डी के परिवार के कई सदस्य कांग्रेस में थे। कुछ समय पहले जब मैं उनसे मिला तो उन्होंने मुझे बताया कि वह पीएम मोदी से प्रभावित हैं। आज वह बड़ा कदम उठाते हुए बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। वह भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी लड़ाई को और मजबूत करेंगे क्योंकि एक विधायक और मंत्री के रूप में उनकी छवि बेदाग रही है। आंध्र प्रदेश में भाजपा के लिए वह अहम साबित होंगे।
कांग्रेस ने किया था हमला
इससे पहले जब रेड्डी ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया तो तब कांग्रेस नेता और लोकसभा सांसद मणिकम टैगोर ने उन पर तीखा हमला किया था। टैगोर ने कहा कि जिन लोगों ने पार्टी से सब कुछ हासिल किया और आंध्र प्रदेश कांग्रेस को खत्म कर दिया, वे अब भाजपा में चले जाएं। रेड्डी अविभाजित आंध्र प्रदेश के अंतिम मुख्यमंत्री थे। 11 मार्च को लिखे एक पत्र में और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को संबोधित करते हुए रेड्डी ने लिखा, ‘कृपया इस पत्र को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से मेरे इस्तीफे के रूप में स्वीकार करें।’ रेड्डी ने इससे पहले 2014 में तत्कालीन यूपीए सरकार के आंध्र प्रदेश को विभाजित करने और तेलंगाना के रूप में नए राज्य के फैसले के विरोध में कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी जय समैक्य आंध्र पार्टी बनाई थी, लेकिन 2018 में वह फिर से कांग्रेस में लौट आए थे।

About Post Author

You may have missed