भागलपुर ने पति ने की पत्नी को कुदाल से मार डाला, खेत में लाश छोड़कर हुआ फरार

भागलपुर। बिहार के भागलपुर में एक शख्स ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना बीते गुरुवार की है। महिला दोपहर के समय खेत में काम करने गई थी। यहीं कुदाल से हमला कर उसके पति ने उसे मार डाला। पूरा मामला कदवा ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत जंगली टोला कदवा का है। शव को जंगली टोला और पकरा टोला कदवा के बीच बहियार में मक्के के खेत से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। शव से करीब 10 मीटर दूर झाड़ी में खून लगा कुदाल भी बरामद किया गया है। महिला के सिर के पिछले वाले हिस्से में गहरे जख्म के निशान थे। महिला की पहचान राजू शर्मा उर्फ राजेश की पत्नी खुशबू देवी के रूप में की गई। उसके ससुर जोगी शर्मा ने बताया कि उनकी बहू सुबह करीब 11 बजे घर से कोसी पार करीब 500 मीटर दूर खेत में गई थी। खेत किसी और का है। इसमें उनके बेटे राजू ने मक्के लगाए थे। खुशबू की हत्या का कारण सामने नहीं आ सका है। गांव में इस बात की चर्चा है कि पति-पत्नी में किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा और राजू ने हत्या कर दी होगी। घटना के बाद खुशबू का पति फरार है। यह भी बताया जा रहा है कि खुशबू के पति राजू शर्मा उर्फ राजेश का चार महीने से दिमागी हालत ठीक ठाक नहीं है। उसका इलाज चल रहा था। गांव वालों की मानें तो पति-पत्नी में एक दिन पहले किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही कदवा ओपी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सदलबल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को देर शाम पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। महिला के दो बेटे हैं और एक बेटी है। घटना के बाद कोहराम मचा है।

About Post Author

You may have missed