पंजाब जीत से गदगद हुए केजरीवाल, बोले- मुझे आतंकवादी कहने वालों को पंजाब ने दिया जवाब, सिद्धू के इस्तीफे की खबरे तेज़
पंजाब। पंजाब में आप न सिर्फ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, बल्कि बहुमत के आंकड़े से भी बहुत आगे निकलती नजर आ रही है। आप के CM कैंडिडेट भगवंत मान ने भी 45 हजार वोटों से रिकॉर्ड जीत दर्ज की है। इधर, कांग्रेस से CM चरणजीत चन्नी और नवजोत सिंह सिद्धू दोनों चुनाव हार गए हैं। हार के बाद सिद्धू के पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे की खबर है। हालांकि, अभी तक कांग्रेस और सिद्धू ने इसे लेकर कोई बयान नहीं दिया है। पंजाब में बंपर जीत के बाद केजरीवाल ने विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। पार्टी वर्कर्स को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘कैप्टन, सिद्धू, चन्नी, मजीठिया सब हार गए। पंजाब के लोगों ने कमाल कर दिया। ये बहुत बड़ा इंकलाब है। बाबा साहेब अंबेडकर और भगत सिंह का सपना पूरा होने लगा है।

उन्होंने कहा की पहले दिल्ली में इंकलाब हुआ अब पूरे देश में इंकलाब होगा। आपको पता है चन्नी को किसने हराया है। लाभ सिंह उगोके ने। लाभ सिंह मोबाइल रिपेयर करने वाली दुकान में नौकरी करते हैं। उनकी माताजी सरकारी स्कूल में काम करती है। पिता खेती करते हैं। केजरीवाल ने कहा की पता है नवजोत सिद्धू को किसने हराया? आम वॉलेंटियर ने मजीठिया और सिद्धू दोनों को हरा दिया। सभी से कहना चाहता हूं आम आदमी पार्टी सिर्फ एक पार्टी नहीं बल्कि भगत सिंह के सपनों को पूरा करने का नाम है। सभी इसे जॉइन करे। केजरीवाल ने भगवंत मान को भी जीत की बधाई दी।
शपथ समारोह भगत सिंह के गांव में होगा
जीत के बाद भगवंत मान ने पंजाब की जनता को संबोधित किया। वे कल पद की शपथ लेंगे। शपथ समारोह भी राजभवन की जगह शहीदे आजम भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में होगा। इससे पहले CM की शपथ राजभवन में होती रही है। शपथ लेने से पहले मान शहीदी स्मारक पर माथा टेकने भी जाएंगे।

