बिहार उपचुनाव : JDU ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, CM नीतीश-लालू होंगे आमने सामने
पटना। बिहार में दो सीटों कुशेश्वरस्थान और तारापुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीति तेज है। राजद अपने स्टार प्रचारकों की सूची पहले ही जारी कर चुकी है और आज जदयू ने भी अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। जबकि कांग्रेस ने उक्त सीटों पर अपने उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए 51 सदस्यीय टीम का गठन किया।
रविवार को जदयू द्वारा जारी स्टार प्रचारकों की सूची में सीएम नीतीश कुमार, राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह सहित 20 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है। ये सभी नेता दोनों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करने के लिए जायेंगे। इसके लिए पार्टी की तरफ से अलग से कार्यक्रम जारी किया जायेगा। इधर, इसी के साथ राजनीतिक गलियारें में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि उपचुनाव के प्रचार के दौरान सीएम नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू यादव आमने सामने रहेंगे। बिहार के दोनों कद्दावर नेताओं के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चलेगा। बता दें पिछले दिनों राजद विधायक दल की बैठक में प्रवक्ता भाई विरेन्द्र ने कहा कि लालू यादव 20 अक्टूबर को बिहार आएंगे और दोनों सीटों पर राजद उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करेंगे।
स्टार प्रचारकों में ये हैं शामिल
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह, जदयू संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, सांसद रामनाथ ठाकुर, मंत्री अशोक कुमार चौधरी, मंत्री संजय कुमार झा को शामिल किया गया है। इसके अलावा सूची में सांसद मो. अली अशरफ फातमी, मंत्री लेसी सिंह, पूर्व मंत्री महेश्वर हजारी, मंत्री मदन सहनी, मंत्री सुनील कुमार, मंत्री जयंत राज, सांसद सुनील कुमार पिंटू, पूर्व मंत्री नरेंद्र नारायण यादव, पूर्व मंत्री विद्यासागर निषाद, विधान पार्षद देवेश चंद्र ठाकुर, विधान पार्षद रत्नेश सदा का नाम शामिल हैं।


