जदयू विधायक का उपमुख्यमंत्री पर आरोप गंभीर, पद से हटा जांच हो : प्रवीण कुशवाहा

पटना। बिहार कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष और आल इंडिया कांग्रेस कमिटी के सदस्य प्रवीण सिंह कुशवाहा ने उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद पर जदयू विधायक द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोप को गंभीर करार दिया है। श्री कुशवाहा ने कहा कि जदयू एनडीए का ही घटक दल है। ऐसे में जदयू नेता और भागलपुर के गोपालपुर से विधायक गोपाल मंडल ने अपने ही सरकार के उपमुख्यमंत्री पर 30 लाख रुपए वसूलने का आरोप लगाया है। ऐसे में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा को स्थिति स्पष्ट करनी होगी। गोपाल मंडल ने भाजपा को भी कटघरे में खड़ा किया है, इसलिए मामले की जांच जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच तभी संभव है जब उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद को पद से हटाया जाएगा। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि हमेशा जीरो टॉलरेंस की बात कहने वाले सीएम नीतीश का आगे का स्टैंड क्या होता है।
गौरतलब है कि जदयू विधायक गोपाल मंडल ने उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद पर आरोप लगाया कि उन्होंने भागलपुर के नवगछिया के खारनैधार में अवैध तरीके से बने 52 घरों को बचाने के लिए 25 से 30 लाख रुपए वसूले हैं। गोपाल मंडल ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से तारकिशोर प्रसाद पर अंकुश लगाने और उन्हें हटाने की भी मांग की है। इस आरोप के बाद राज्य के सियासी गलियारों में हलचल मच गई है।

About Post Author

You may have missed