BIHAR : जदयू महासचिव रविन्द्र तांती की कोरोना से एम्स में मौत, एक जमान में लालू के थे करीबी

पटना। जदयू के प्रदेश महासचिव तथा पूर्व विधान पार्षद रविन्द्र तांती की शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। वे पटना एम्स में 10 दिनों से भर्ती थे, जहां बीते नौ दिनों से वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। बता दें एक जमाने में रविन्द्र तांती राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के करीबी नेताओं में थे। लालू प्रसाद ने 1996 में पहली बार एमएलसी बनाया था। लेकिन 1997 में उन्हें राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बनाना पड़ा। तब राबड़ी देवी किसी भी सदन की सदस्य नहीं थी। नियत अवधि के भीतर उनका राज्य के दोनों सदनों में से एक का सदस्य होना संवैधानिक जरूरत थी। इसे देखते हुए रविन्द्र तांती आगे आए। उन्होंने अपनी सीट से त्यागपत्र देकर राबड़ी देवी के एमएलसी बनने का मार्ग प्रशस्त किया। बाद में लालू प्रसाद ने उन्हें फिर 1998 में एमएलसी बनाया। वे 2004 तक एमएलसी रहे। वर्तमान में रविन्द्र तांती जदयू के प्रदेश महासचिव थे। वे बिहार राज्य अति पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग के अध्यक्ष भी रहे थे। वे पटना के फतुहा स्थित मकसुदपुर के निवासी थे। उनके निधन से जदयू में शोक की लहर व्याप्त है।
विधान परिषद के कार्यकारी सभापति ने शोक जताया
इधर, रविन्द्र तांती के निधन पर बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वे एक सफल और विलक्षण प्रतिभा के राजनेता थे। वे समाज के निचले तबके के लिए अंत तक कार्य करते रहे। उनका सरल स्वभाव ही उनकी पहचान थी। श्री सिंह ने उनकी आत्मा को शांति तथा शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

About Post Author

You may have missed