चोटों से जूझ रही चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका, जैमी ओवर्टन इंग्लैंड लौटे
- जांघ की चोट के कारण आईपीएल से बाहर हो सकते हैं ओवर्टन, कई प्रमुख खिलाड़ी पहले ही टीम से बाहर
- कर्नाटक के ऑलराउंडर मैकनील नोरोन्हा को मिला मौका, प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है चेन्नई
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के मौजूदा सत्र में चेन्नई सुपर किंग्स की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। टीम के तेज गेंदबाज जैमी ओवर्टन दाहिनी जांघ की चोट के कारण इंग्लैंड लौट गए हैं। फ्रेंचाइजी ने बुधवार रात सामाजिक मंच एक्स पर इसकी आधिकारिक जानकारी दी। हालांकि टीम प्रबंधन की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया कि ओवर्टन कितने समय तक क्रिकेट से दूर रहेंगे, लेकिन माना जा रहा है कि उनके लिए इस सत्र के बाकी लीग मुकाबलों में खेल पाना बेहद मुश्किल होगा। जैमी ओवर्टन इस सत्र में चेन्नई सुपर किंग्स के प्रमुख गेंदबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने अपनी तेज गेंदबाजी से टीम को कई महत्वपूर्ण मौकों पर सफलता दिलाई। वे इस समय टीम के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर मौजूद हैं। ऐसे समय में उनका चोटिल होकर टीम से बाहर होना चेन्नई के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, खासकर तब जब टीम प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। चेन्नई सुपर किंग्स ने साथ ही यह भी घोषणा की कि चोटिल ऑलराउंडर रामकृष्ण घोष की जगह कर्नाटक के युवा ऑलराउंडर मैकनील नोरोन्हा को टीम में शामिल किया गया है। रामकृष्ण घोष को तीन मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने पदार्पण मुकाबले में चोट लग गई थी। उनके पैर में फ्रैक्चर पाया गया, जिसके बाद उन्हें पूरे सत्र से बाहर होना पड़ा। घोष ने अपने पहले ही मुकाबले में 24 रन देकर एक विकेट हासिल किया था और अपनी गेंदबाजी से प्रभावित भी किया था। मैकनील नोरोन्हा हाल के समय में घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर चर्चा में रहे हैं। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड के वार्षिक ‘नमन पुरस्कार’ समारोह में उन्हें एमए चिदंबरम ट्रॉफी से सम्मानित किया गया था। वे 2024-25 की कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। इसके अलावा महाराजा ट्रॉफी 2025 में मंगलुरु ड्रैगन्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने 10 पारियों में 253 रन बनाए और ऑफ स्पिन गेंदबाजी से 10 विकेट भी हासिल किए। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि वे चेन्नई के संतुलन को मजबूत करने में मदद करेंगे। चेन्नई सुपर किंग्स इस सत्र में लगातार चोटों की समस्या से जूझ रही है। जैमी ओवर्टन और रामकृष्ण घोष के अलावा टीम के कई अन्य महत्वपूर्ण खिलाड़ी भी चोटिल होकर बाहर हो चुके हैं। तेज गेंदबाज खलील अहमद जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए। उन्होंने पांच मुकाबलों में दो विकेट लिए थे। युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे भी हैमस्ट्रिंग चोट का शिकार हो गए हैं। आयुष ने इस सत्र में छह मुकाबलों में 177.88 की स्ट्राइक रेट से 201 रन बनाए थे और मध्यक्रम में टीम को मजबूती दी थी। वहीं ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस सत्र शुरू होने से पहले ही हैमस्ट्रिंग चोट के कारण बाहर हो गए थे। चेन्नई ने उन्हें 2024 की मेगा नीलामी में दो करोड़ रुपये में खरीदा था। टीम की सबसे बड़ी चिंता पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर भी बनी हुई है। धोनी पिंडली में खिंचाव के कारण इस सत्र में अब तक एक भी मुकाबला नहीं खेल पाए हैं। उनके अनुभव की कमी टीम को कई मौकों पर महसूस हुई है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन भी पूरी तरह फिट नहीं होने के कारण अब तक बेंच पर बैठे हैं। मध्यक्रम बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस भी शुरुआती तीन मुकाबलों में उपलब्ध नहीं थे, जिससे टीम को शुरुआती हार का सामना करना पड़ा। इन तमाम परेशानियों के बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स ने शानदार संघर्ष दिखाया है। टीम 11 मुकाबलों में 12 अंक हासिल कर अंक तालिका में पांचवें स्थान पर बनी हुई है। प्लेऑफ में जगह सुनिश्चित करने के लिए चेन्नई को अपने बाकी तीनों मुकाबले जीतने होंगे। चेन्नई सुपर किंग्स का अगला मुकाबला शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। अब देखना होगा कि लगातार चोटों से जूझ रही चेन्नई की टीम दबाव के बीच कैसा प्रदर्शन करती है और प्लेऑफ में जगह बना पाती है या नहीं।


