छुट्टियां खत्म करने के बाद आज प्रदेश कार्यालय में वापसी करेंगे जगदानंद सिंह, लालू के मनाने के बाद हुए राजी

पटना। राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह आज वापसी कर सकते हैं। जगदानंद सिंह पिछले 15 दिनों से छुट्टियों पर हैं और अपने गांव में आराम कर रहे थे। हालांकि उनके छुट्टी पर जाने के पीछे और राष्ट्रीय अधिवेशन से दूरी की वजह नाराजगी बताई जा रही है लेकिन अब खबर यह है कि जगदा बाबू वापसी करने के मूड में हैं। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक आज जगदानंद सिंह वापस से पटना पहुंचने वाले हैं। जगदानंद सिंह 2 अक्टूबर से अपने गांव में हैं। बताया जा रहा हैं की राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के आग्रह पर जगदानंद सिंह मान गए हैं। पार्टी नेताओं के मुताबिक, वह फिर से प्रदेश अध्यक्ष पद पर काम करेंगे। इसके पहले गत 2 अक्टूबर को बेटे सुधाकर सिंह के इस्तीफा का एलान करने के बाद वह कैमूर के रामगढ़ इलाके में अपने गांव चले गये थे। वह 9-10 अक्टूबर को दिल्ली में राजद राष्ट्रीय परिषद की बैठक और खुला अधिवेशन में भी शामिल नहीं हुए थे। इस बीच आज सोमवार को जगदानंद सिंह ऑफिस आ सकते हैं। राजद नेता उनके पटना आने की संभावना जता रहे हैं। वह प्रदेश राजद कार्यालय भी जाएंगे। करीब 15 दिन बाद प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर फिर से काम करेंगे। 21 सितंबर को प्रदेश अध्यक्ष पद पर लगातार दोबारा निर्वाचित होने के बाद जगदानंद सिंह को अब नये सिरे से प्रदेश कमेटी का गठन करना है।

बेटे सुधाकर सिंह के मंत्री पद से त्यागपत्र देने के बाद से जगदानंद सिंह पार्टी और सरकार दोनों से नाराज चल रहे थे।  उनके इस्तीफे की खबरें भी सामने आ चुकी थी। पुत्र सुधाकर सिंह के इस्तीफे के बाद जगदानंद सिंह ने इसका इशारा भी दिया था। अपने बयान में उन्होंने कहा था की लंबी लड़ाई लड़ने के लिए त्याग करना पड़ता है। पटना से दिल्ली के लिए निकले जगदानंद सिंह वहां नहीं पहुंचे। पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलन से भी जगदानंद दूर रहे।

About Post Author

You may have missed