भोजपुर में इंटर के छात्र की गोली मारकर हत्या, गांव में फैली सनसनी

  • देर रात घर से बुलाकर की गई हत्या की आशंका, सुबह सड़क किनारे मिला शव
  • पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, हत्या के कारणों की जांच जारी

भोजपुर। जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बनाही गांव में इंटरमीडिएट के एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। मृतक की पहचान बनाही गांव निवासी राजीव पांडेय के पुत्र सुमित पांडेय के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि सुमित इंटरमीडिएट का छात्र था और इस वर्ष वह परीक्षा दे रहा था। परिजनों के अनुसार सुमित के पिता राजीव पांडेय गुजरात के सूरत शहर में रहकर निजी नौकरी करते हैं। सुमित हाल ही में अपने पिता के पास सूरत गया हुआ था और एक दिन पहले ही गांव वापस लौटा था। परिवार के लोगों ने बताया कि वह गुरुवार की शाम ही अपने घर बनाही पहुंचा था और रात में घर पर ही सो गया था। लेकिन देर रात वह कब घर से बाहर निकला, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। मृतक के बाबा ने बताया कि सुमित रात में उनके पास ही सोया हुआ था। सुबह जब घर के लोग जागे तो सुमित घर में नहीं मिला। शुरू में परिवार वालों को लगा कि वह किसी काम से बाहर गया होगा, लेकिन कुछ ही देर बाद गांव के लोगों से सूचना मिली कि सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ है। जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि वह शव सुमित का ही है और उसे गोली मार दी गई थी। इस घटना के बाद पूरे गांव में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। परिवार के लोगों का कहना है कि संभवतः किसी ने सुमित को रात में घर से बुलाकर बाहर ले गया और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। हालांकि हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के बड़े भाई ने बताया कि सुमित अपनी मां और भाई के साथ गांव में ही रहता था, जबकि उनके पिता रोजगार के सिलसिले में सूरत में रहते हैं। उन्होंने बताया कि सुमित पढ़ाई में भी ठीक था और इस वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रहा था। परिवार को इस बात का अंदेशा भी नहीं था कि उसके साथ इस तरह की घटना हो जाएगी। घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला गोली मारकर हत्या किए जाने का प्रतीत हो रहा है। शाहपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस दल को घटनास्थल पर भेजा गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इस घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं इस घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

You may have missed