‘बिहार सरकार प्रधानमंत्री के कुशल राष्ट्र के विजन का समर्थन करने को प्रतिबद्ध’

* इंडिया स्किल्स 2021 क्षेत्रीय प्रतियोगिता का ईस्टर्न चैप्टर पटना के ज्ञान भवन में शुरू
* 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 240 से अधिक उम्मीदवारों ने लिया भाग


पटना। इंडिया स्किल्स 2021 क्षेत्रीय प्रतियोगिता का ईस्टर्न चैप्टर राजधानी पटना के ज्ञान भवन में शुरू हुआ, जिसमें आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों अंडमान और निकोबार, असम, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मिजोरम और त्रिपुरा के 240 से अधिक उम्मीदवारों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार की उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने किया। उद्घाटन समारोह में ग्रामीण विकास और संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार, श्रम संसाधन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री जिबेश कुमार भी उपस्थित थे। वहीं अतिरिक्त मुख्य सचिव वंदना किनी और आयोजन समिति के अध्यक्ष पी के सिन्हा ने धन्यवाद प्रस्ताव के साथ उद्घाटन समारोह का समापन किया।


इस मौके पर उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने कहा, भारत को वास्तव में उच्च स्तरीय कुशल पेशेवरों की आवश्यकता है और इस प्रतियोगिता के साथ हमारा लक्ष्य देश के युवाओं में गुणवत्ता, बहुविषयक व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से कौशल विकसित करना है। इस प्रतियोगिता में अब तक आए सभी प्रतिभागियों और उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।
वहीं मंत्री श्रवण कुमार ने कहा, बिहार सरकार प्रधानमंत्री के कुशल राष्ट्र के विजन का समर्थन करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य में कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आभारी हैं और उनके नेतृत्व में हम युवाओं के लिए उपयुक्त अवसर पैदा करने की दिशा में अपने प्रयास जारी रखेंगे। ये क्षेत्रीय प्रतियोगिताएं कौशल को सामने लाती हैं और युवाओं को अपने पेशेवर विकास के लिए व्यावसायिक शिक्षा लेने के लिए प्रेरित करती हैं।
बता दें प्रतियोगिता के विजेताओं को 23 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक कौशल में विजेता को स्वर्ण पदक के साथ 21,000 रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि प्रथम उपविजेता को 11,000 रुपए और रजत पदक दिया जाएगा। अगस्त-सितंबर 2021 में जिला और राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से क्षेत्रीय प्रतिभागियों का चयन किया गया है। इंडियास्किल्स नेशनल का आयोजन दिसंबर 2021 में बेंगलुरु, कर्नाटक में किया जाएगा और राष्ट्रीय प्रतियोगिता के विजेताओं को अक्टूबर 2022 में वर्ल्ड स्किल्स शंघाई में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।

About Post Author

You may have missed