CM नीतीश ने राजगीर में तीन दिवसीय आयुर्वेद पर्व का किया उद्घाटन, कहा- आयुर्वेद के साथ नेचुरोपैथी को बढ़ावा देने की जरूरत
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को तीन दिवसीय आयुर्वेद पर्व 2021 का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। राजगीर के इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में आयोजित आयुर्वेद पर्व में मुख्यमंत्री को अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के अध्यक्ष पद्म भूषण वैद्य देवेंद्र त्रिगुणा ने पौधा, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने भगवान धन्वंतरि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज, पटना की छात्राओं द्वारा धन्वंतरि वंदना का गायन किया गया। वहीं मुख्यमंत्री सहित आगत अतिथियों द्वारा स्मारिका ‘आयुर्वेद के बढ़ते कदम’ का विमोचन किया गया। कोरोना काल एवं स्वास्थ्य प्रक्षेत्र में किये गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत को मुख्यमंत्री ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन द्वारा चयनित आयुर्वेद प्रक्षेत्र एवं आयुर्वेद पर्व के आयोजन से संबंधित छह आयुर्वेद चिकित्सकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्द्धन किया। इस अवसर पर केन्द्रीय आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया।


राजगीर में नेचुरोपैथी का संस्थान स्थापित हो
आयुर्वेद पर्व 2021 को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि आप सभी आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए काम कर रहे हैं, यह बहुत खुशी की बात है। आप लोगों ने चार जगहों पर इस प्रकार के कार्यक्रम करने का निर्णय लिया है और अपने पहले कार्यक्रम के लिए राजगीर का चयन किया है। इससे मुझे बेहद खुशी हो रही है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के साथ-साथ नेचुरोपैथी को बढ़ावा देने के लिए काम करना आवश्यक है। हम चाहते हैं कि राजगीर में भी नेचुरोपैथी का एक संस्थान स्थापित हो। इससे नेचुरोपैथ को प्रमोट करने का मौका मिलेगा। राज्य सरकार की तरफ से आप लोगों को हरसंभव सहयोग दिया जायेगा। आपके जो भी सुझाव प्राप्त होंगे, उस दिशा में गंभीरता से निर्णय लेना हम सबका दायित्व है। इसके लिए हमारी प्रतिबद्धता है।

बंद पड़े आयुर्वेदिक कॉलेजों को किया जाएगा शुरू
मुख्यमंत्री ने कहा कि 22 नवंबर को राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं अस्पताल की स्थिति देखने के बाद हमने इसके विस्तार का निर्णय लिया। उसकी व्यवस्था को बेहतर करना हमलोगों का दायित्व है। राजकीय तिब्बी कॉलेज को शिफ्ट किया जायेगा, जिसके लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज कैंपस के बगल में 10 एकड़ जमीन का आवंटन किया गया है। डेढ़ से दो साल में भवन का निर्माण होने के बाद इसे नये कैंपस में शिफ्ट कर दिया जायेगा। राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं अस्पताल और राजकीय तिब्बी कॉलेज के बीच की सड़क को ध्यान में रखते हुए दोनों भवनों को आवागमन के लिए ऊपर से जोड़ा जायेगा ताकि सड़क मार्ग अवरुद्ध न हो। इस प्रकार राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय का न सिर्फ विस्तार होगा बल्कि यह देखने में काफी सुंदर भी लगेगा। इसके अलावा अन्य जगहों पर बंद पड़े आयुर्वेदिक कॉलेजों को शुरू किया जायेगा। राजकीय राय बहादुर टुनकी साह होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय मुजफ्फरपुर, महारानी रामेश्वरी भारतीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान दरभंगा एवं राजकीय अयोध्या शिवकुमारी आयुर्वेद महाविद्यालय तथा चिकित्सालय बेगूसराय के विस्तार एवं विकास के लिए कैबिनेट से 838 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी गई है। अन्य जरुरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद इस पर काम शुरू हो जायेगा। उन्होंने कहा कि राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय एवं अस्पताल पटना के साथ-साथ भागलपुर के राजकीय आयुर्वेदिक महाविद्यालय का भी जीर्णोद्धार किया जायेगा। इसके लिए अतिरिक्त धनराशि की व्यवस्था राज्य सरकार करेगी।

जिलाधिकारी को निर्देश
जिलाधिकारी को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुर्वेद पर्व में अनेक राज्यों से लोग पहुंचे हैं, इन्हें राजगीर के वेणुवन, जू सफारी, नेचर सफारी, ग्लास स्काई वॉक जैसे अन्य प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराने का प्रबंध करें। उन्होंने कहा कि जू सफारी में शेर, बाघ, तेंदुआ और हिरण खुले में विचरण करेंगे और पर्यटक गाड़ी मैं बैठकर उन्हें नजदीक से देख सकेंगे। यह बिहार का पहला जू सफारी है।
इन्होंने किया संबोधित
आयुर्वेद पर्व को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधायक कौशल किशोर, सचिव आयुष मंत्रालय भारत सरकार पदमश्री वैद्य राजेश कोटेया, राष्ट्रीय चिकित्सा पद्धति आयोग के वैद्य जयंत देव पुजारी, सलाहकार आयुष मंत्रालय, भारत सरकार वैद्य मनोज नेशरी, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य प्रत्यय अमृत, अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन के अध्यक्ष पद्मभूषण वैद्य देवेंद्र त्रिगुणा एवं बिहार प्रदेश आयुर्वेद सम्मेलन के अध्यक्ष वैद्य धनंजय शर्मा ने भी संबोधित किया।
ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक प्रेम कुमार, विशेष सचिव सह कार्यपालक निदेशक बिहार राज्य आयुष समिति अरविन्दर सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक हरि प्रसाथ एस. सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न राज्यों से आये आयुर्वेद के चिकित्सक एवं आयुर्वेद में रुचि रखने वाले अन्य लोग उपस्थित थे।
आयुर्वेद एक्सपो का उद्घाटन
तीन दिवसीय (11-13 दिसंबर) आयुर्वेद पर्व 2021 के उद्घाटन सत्र के समापन के पश्चात मुख्यमंत्री ने इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, राजगीर के प्रांगण में लगे आयुर्वेद एक्सपो का उद्घाटन किया। वहीं आयुर्वेद एक्सपो में लगाये गये स्टॉल का मुख्यमंत्री ने मुआयना किया। आयुर्वेद एक्सपो के आयोजकों ने मुख्यमंत्री को पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया।

