पटना में कांग्रेस की इफ्तार पार्टी आज, सीएम समेत महागठबंधन के कई बड़े नेता होंगे शामिल

पटना। बिहार में इफ्तार पार्टियों का खूब आयोजन हो रहा है। सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और जीतन राम मांझी के बाद अब कांग्रेस बुधवार को दावत-ए-इफ्तार देगी। बिहार कांग्रेस की ओर से बुधवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया है। इसको लेकर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह की ओर से महागठबंधन के शीर्ष नेताओं सहित बड़े नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इसमें बिहार में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के भी शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। अगर वो शामिल होते हैं तो इस दौरान कैबिनेट में जगह देने की बात पर भी चर्चा हो सकती है। वहीं, पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता असितनाथ तिवारी ने बताया कि देश में सांप्रदायिकत ताकतें सौहार्दपूर्ण वातावरण में जहर घोलने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि, ऐसे मौके में कांग्रेस पार्टी दावत-ए-इफ्तार के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारे के माहौल को मजबूत करने में जुटी है। बुधवार को आयोजित दावत में बड़ी संख्या में राजनेता शामिल होंगे। इससे पहले, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीएम आवास में इफ्तार पार्टी दी थी। जिसमें महागठबंधन के सभी नेता शामिल हुए। इस पार्टी में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सीएम के साथ-साथ नजर आए। हालांकि, इस इफ्तार में भाजपा शामिल नहीं हुई। वहीं, राबड़ी देवी के आवास पर भी इफ्तार का आयोजन हुआ था। जिसमें चिराग पासवान भी नजर आए थे।

About Post Author

You may have missed