पटना में ट्रक और ऑटो की टक्कर से भीषण हादसा, आठ की मौके पर मौत, कई लोगों की हालत गंभीर

पटना। राजधानी पटना के दनियावां-हिलसा स्टेट हाईवे-4 पर शनिवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के सिगरियावा स्टेशन के पास तेज रफ्तार ट्रक ने यात्रियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में पांच महिलाएं शामिल हैं। वहीं, कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिनका इलाज पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में चल रहा है। मृतकों और घायलों की पहचान नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र के मलावा गांव के रहने वालों के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सभी लोग सावन-भादो के तीज पर्व को लेकर गंगा स्नान करने फतुहा के त्रिवेणी घाट जा रहे थे। सुबह करीब छह बजे जब ऑटो सिगरियावा स्टेशन के पास पहुंचा तभी सामने से आ रहे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें बैठे यात्री सड़क पर इधर-उधर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सड़क पर जगह-जगह खून बिखरा था। मृतकों के शव सड़क किनारे पड़े थे, जबकि घायल लोग तड़प रहे थे। आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर उन्हें बचाने के लिए दौड़े। कई लोग घायलों को उठाकर निजी वाहनों और एंबुलेंस से अस्पताल तक ले गए। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महिलाओं और बच्चों की चीख-पुकार ने वातावरण को और अधिक गमगीन बना दिया।दनियावां थाना अध्यक्ष ने बताया कि हादसे में आठ लोगों की जान गई है, जिनमें पांच महिलाएं शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक सभी नालंदा जिले के हिलसा क्षेत्र से थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दी गई है। हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत पीएमसीएच रेफर किया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी गुस्सा है। लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार ट्रक और अन्य भारी वाहन चलते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए। वहीं, घटना स्थल पर भीड़ जुटने के बाद लोगों ने किसी को वीडियो बनाने से रोक दिया। उनका कहना था कि हादसे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाकर लोगों के दुख का तमाशा न बनाया जाए। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। ट्रक चालक और खलासी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। अधिकारियों ने कहा है कि मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डूबो दिया है। नालंदा और पटना जिले के कई गांवों में मातम का माहौल है। तीज पर्व पर गंगा स्नान करने निकले परिवार के कई सदस्य एक साथ काल के गाल में समा गए। गांवों में हर घर से रोने की आवाजें सुनाई दे रही हैं।। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े करता है। तेज रफ्तार और लापरवाही ने आठ जिंदगियां छीन लीं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस दर्दनाक हादसे के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर क्या ठोस कदम उठाता है।

You may have missed