पटना में बारिश से दानापुर में भारी जल जमाव, सड़कों पर कीचड़, थाने और घरों में घुसा पानी
पटना। दानापुर नगर परिषद क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। क्षेत्र के अधिकांश मोहल्लों और सड़कों पर भारी जलजमाव की स्थिति बन गई है। जगह-जगह कीचड़ और गंदगी से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण नालों का पानी सड़कों और घरों में घुस गया है।
स्कूल परिसर बना झील, पढ़ाई प्रभावित
दानापुर के धनेश्वरी देवनन्दन कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया है। बारिश का पानी क्लास रूम तक पहुंच गया है, जिससे छात्राओं की पढ़ाई बाधित हो गई है। छात्राओं को पानी के बीच से होकर स्कूल तक पहुंचना पड़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी खतरा मंडरा रहा है।
थाने में घुसा पानी, पुलिसकर्मी हुए परेशान
बीबीगंज पुलिस चौकी की हालत भी खराब हो गई है। बारिश के पानी ने थाने के अंदर तक दस्तक दे दी, जिससे पुलिसकर्मियों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ा। पुलिसकर्मी खुद बाल्टी और मग से पानी निकालते नजर आए। यह स्थिति स्थानीय प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है।
छावनी परिषद क्षेत्र भी जलमग्न
छावनी परिषद के बड़ी मछुआ टोली और लालकोठी जैसे इलाकों में भी बारिश और नालों के पानी का जमाव देखने को मिला। नालों की सफाई नहीं होने के कारण सारा पानी गलियों और मकानों में भर गया है। लोगों को रोजमर्रा के कामों में परेशानी हो रही है और घरों में गंदा पानी घुसने से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
व्यापारियों को भारी नुकसान
जलजमाव से दुकानदारों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। वार्ड संख्या 13 के मिठाई दुकानदार विजय राय ने बताया कि उनकी दुकान में नाले और बरसात का पानी घुस गया, जिससे उनकी मिठाइयां खराब हो गईं और आर्थिक हानि हुई। उन्होंने बताया कि नालों की कभी सफाई नहीं होती, जिससे हर साल बरसात में यही स्थिति उत्पन्न होती है।
स्थानीय नागरिकों का गुस्सा, पार्षद पर आरोप
स्थानीय निवासी सबिता देवी ने बताया कि बारिश का पानी उनके घर में घुस गया है और कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने वार्ड पार्षद से बात की तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि वह कुछ नहीं कर सकते। इससे स्थानीय लोग बेहद नाराज हैं और नगर परिषद के साथ-साथ वार्ड पार्षद पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।
जनजीवन अस्त-व्यस्त, प्रशासन मौन
दानापुर के गोला रोड, सैनिक कॉलोनी, जजेज कॉलोनी, सुल्तानपुर, चित्रकूट नगर और पंचशील नगर जैसे इलाकों में पानी भरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग अपने ही घरों में कैद होकर रह गए हैं। नगर परिषद की निष्क्रियता और जल निकासी की खराब व्यवस्था से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। दानापुर क्षेत्र में जलजमाव की समस्या केवल एक प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि प्रशासनिक उदासीनता का परिणाम है। हर साल यही स्थिति उत्पन्न होती है लेकिन समाधान के कोई प्रयास नहीं किए जाते। यदि नगर परिषद और जनप्रतिनिधि समय रहते व्यवस्था सुधारें और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करें, तो आम जनता को इस नारकीय जीवन से मुक्ति मिल सकती है।


