पटना में आंधी के साथ तेज बारिश का अलर्ट जारी, 19 जिलों में बदला मौसम, गर्मी से राहत

पटना। बिहार में इन दिनों मौसम सुहावना है। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट देखी जा रही है साथ ही हीट वेव से भी राहत है। नमी वाली पूर्वा हवा लोगों को राहत दे रही है। 12 मई तक मौसम का मिजाज यही रहने की संभावना है। इस मौसम में गर्मी से तो राहत है लेकिन आकाशीय बिजली गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है। इस वजह से आज बिहार के 19 जिलों में ऑरेंज तो वहीं बाकी के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में अब ताजा तस्वीर शिवहर से निकल कर सामने आ रहा है। जहां दिन रात जैसा नजारा देखने को मिला है। यहां चारो ओर घना अंधेरा छाया हुआ है। लगातार हो रही बारिश से तापमान में भारी गिरावट हुई है। वहीं, लंबे समय के बाद बिहार में बारिश वाले बादल बनने लगे हैं और पूरे बिहार में बादल छाए हुए हैं। बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त पूर्वा हवा बिहार में आ रही है। दक्षिण पश्चिम भाग को छोड़कर बिहार के सभी भागों में बादल बनते रहेंगे। राजधानी पटना में सुबह से ही काले बादल छाए हुए है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक घंटे में यहां बारिश की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश के 19 जिलों में बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें कटिहार, पूर्णिया, अररिया, मधेपुरा, किशनगंज, सुपौल और सहरसा, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, वैशाली,समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी शामिल है।
13 मई तक फिलहाल गर्मी से राहत
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त पुरवा हवा का प्रवेश बिहार में उत्तर-पूर्वी भाग से हुआ। इसका प्रभाव 13 मई तक रहेगा। जिसके कारण से लोगो को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। कई जगहों पर रोज आंधी के साथ मेघगर्जन और बारिश की संभावना बनी रहेगी। पूर्वी और तराई वाले जिलों में बारिश होने की ज्यादा संभावना है। आने वाले दो दिनों में ऐसे कई इलाके हो सकते हैं जहां मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। प्री मॉनसून का सीजन होने की वजह से कुछ ऐसे जिले हो सकते हैं जहां बारिश ना हों लेकिन स्थिति बारिश वाली बनी रहेगी।
पटना में छाए काले बादल, पारा गिरा
उधर, राजधानी पटना सहित बिहार के बाकी 19 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। साथ ही मेघगर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है। इन जिलों में हवा की गति भी झोंके के साथ 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस वजह से येलो अलर्ट जारी किया गया है। 08 मई को बिहार का अधिकतम तापमान 37.4°C बक्सर में रिकॉर्ड किया गया। शेष जिलों का अधिकतम तापमान 29°C से 37°C के बीच दर्ज किया गया।

About Post Author

You may have missed