पटना समेत बिहार के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी, ओलावृष्टि से किसानों की फसलें हुई नष्ट

पटना। बिहार में 15 मार्च के बाद अचानक मौसम बदला। कई जिलों में ओले गिरे तो कई जिलों में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हई। इससे फसलों को भारी नुकसान हआ है। गया, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, शिवहर आदि जिलों का ब्योरा मिला है। इसके अनुसार इन जिलों के 16531 हेक्टेयर में लगे फसलों को नुकसान हुआ है। फसलों की क्षति पर सरकार मुआवजा देगी। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को राजधानी पटना समेत बेगूसराय भागलपुर कटिहार खगड़िया मुंगेर, शेखपुरा और रोहतास में हल्की बारिश होने की संभावना है। आंधी, बारिश और ओले गिरने की संभावना लगातार पांचवें दिन भी बनी रही है। मंगलवार की देर रात पटना सहित राज्य के दस जिलों में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई। पटना में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रही। बाकी अन्य 9 जिलों में बक्सर, भोजपुर, सासाराम, सीवान, सारण, वैशाली, जहानाबाद और अरवल में भी जमकर बारिश हुई है। मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना में दिन में मौसम सामान्य था, लेकिन रात 11:30 बजे के बाद मौसम बदला। अचानक तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। पटना में 30 मिनट के भीतर 20 मिमी बारिश दर्ज किया गया। तेज हवा के कारण कुछ देर बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने बताया कि राज्य में 17 से 20 मार्च के बीच तेज हवा और ओलावृष्टि से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। इसको लेकर सभी जिलों के डीएम से रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट आने के बाद क्षति का मुआवजा किसानों को दिया जाएगा। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक एक साइक्लोन उत्तर राजस्थान और उसके आसपास के क्षेत्र में बना हुआ है। एक ट्रफ लाइन उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए नागालैंड की ओर गुजर रहा है। इसका प्रभाव बिहार पर पड़ रहा है और तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र की माने तो आज दिन का तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 23 मार्च के बाद से मौसम में सुधार होगा।

About Post Author

You may have missed