प्रदेश में मानसून के कमजोर पड़ने से गर्मी बढ़ी, पटना में उमस से लोग परेशान

पटना। बिहार में मानसून कमजोर पड़ता जा रहा है। हालांकि, बुधवार की दोपहर पटना के कई हिस्सों में रुक- रुक कर अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार नमी बढ़ने के साथ लोकल सिस्टम बनने से बारिश हुई है। मानसून की सक्रियता थमने के बाद राज्य भर में अधिकतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होगी। कुछ शहरों का अधिकतम तापमान 36 डिग्री के पार जा सकता है। वहीं वैशाली का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। आज प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। किसी भी जिले में बारिश होने की संभावना नहीं जताई गई। अगले हफ्ते में फिर से बादल सक्रिय होंगे और कई जिलों में बारिश का पूवार्नुमान है। इस सीजन में राज्य में अभी तक सामान्य बारिश 975.8 एमएम की तुलना में अभी तक 754.5 एमएम बारिश ही हुई है। इस तरह अभी भी सामान्य से 23 प्रतिशत बारिश की कमी है। मौसम विभाग के अनुसार आज पटना में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी, लेकिन उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। इस दौरान पटना का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
