प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दिन 22 जनवरी को छुट्टी घोषित करे बिहार सरकार : आरसीपी सिंह 

नालंदा। बिहार के विभिन्न जिलों से चलकर राजगीर पहुंची लवकुश यात्रा रथ को सोमवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री सह भाजपा नेता आरसीपी सिंह ने अयोध्या के लिए रवाना किया। आरसीपी सिंह के साथ दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के पहले सियासी बयानबाजी थमने का नाम नहीं ले रही। लालू यादव के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री तेजप्रताप यादव ने कहा था कि राम उनके सपने में आए थे और कहा कि 22 जनवरी को वो अयोध्या नहीं जाएंगे। इस पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने पलटवार किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सीएम और डिप्टी सीएम दोनों तनाव में हैं। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप के सपनों में भगवान राम ने दर्शन दिए, इसके लिए हम उन्हें धन्यवाद देते हैं कि भगवान ने उन्हें आशीर्वाद दिया है। लेकिन वह जो दूसरी बात कह रहे हैं वह अपने माता-पिता से पूछ कर कह रहे हैं। वह अपने मन की बात नहीं कह रहें हैं। इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि 22 जनवरी को बिहार सरकार छुट्टी घोषित करे। 500 वर्षों के काल में फिर से मंदिर की स्थापना हो गई है। मंदिर का निर्माण हो गया है। भगवान की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। सरयु तट पर रामलला 22 तारीख को पूरी तरह से विराजमान हो जाएंगे। आने वाले समय में बिहार में उथल-पुथल के सवाल पर आरसीपी सिंह ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री आज किस स्थिति में हैं। महागठबंधन के साथ में चले गए। इसके बाद उनका पूरा का पूरा स्वास्थ्य चौपट हो गया। काम पर भी असर पड़ा है। बिहार में कोई शासन प्रशासन नाम की चीज नहीं रह गई है। आपस में तालमेल नहीं बल्कि इन लोगों के बीच घालमेल है। नीतीश बाबू प्रधानमंत्री बनना चाह रहे थे, संरक्षक भी नहीं बन पाए। उपमुख्यमंत्री,मुख्यमंत्री बनना चाह रहे हैं वह भी नहीं बन पा रहे हैं। दोनों तनाव में चल रहे हैं और इससे क्या प्रदेश का विकास हो सकता है। आरसीपी सिंह ने कहा कि लव कुश रथ यात्रा से लोगों के बीच भाईचारे का पैगाम दिया गया। मैं बिहार सरकार से अनुरोध करना चाहता हूं कि 22 जनवरी को सभी कार्यालय, विद्यालय एवं कॉलेज में छुट्टी कर दी जाए ताकि भगवान रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को टेलीविजन के माध्यम से बिहार के सभी नागरिक देख सके और एक सुखद अनुभूति कर सके। ये बातें उन्होंने लवकुश यात्रा रथ को सोमवार को अयोध्या के लिए रवाना करने के दौरान कही। इस मौके पर नूतन पटेल, नरेश महतो, सतीश कुशवाहा, शिवपूजन सहाय, आदिक चौधरी, वीरेंद्र कुशवाहा, मुकेश वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

About Post Author

You may have missed