November 1, 2025

गोढ़ना रामायण मंडली को किया गया सम्मानित

बिहटा, (मोनु कुमार मिश्रा)। सनातन संस्कृति की परंपराओं कोजीवित रखने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हिंदू धर्म रक्षक संगठन (एचडीआरएस) की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गोढ़ना गांव स्थित शिवालय में रामायण गायन करने वाली मंडली को सम्मानित किया गया। संगठन की टीम ने मंडली के सभी सदस्यों को अंगवस्त्र और रामायण की प्रति भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के अध्यक्ष कुणाल किशोर ने कहा कि संस्था लगातार सनातन संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब आधुनिकता की चकाचौंध में लोग अपनी परंपराओं से दूर हो रहे हैं, तब गांव-गांव की रामायण मंडलियां संस्कृति की जीवंत धरोहर हैं। लेकिन दुख की बात यह है कि कई स्थानों पर यह परंपरा पूरी तरह समाप्त हो चुकी है और जहां है भी, वहां युवाओं की भागीदारी बहुत कम हो गई है। ऐसे में संगठन का उद्देश्य इस परंपरा को संजीवनी देना और युवाओं को इससे जोड़ना है।उपाध्यक्ष दीपक गिरी ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन ने ठाना है कि जो भी मंडलियां अभी सक्रिय हैं, उन्हें सम्मानित किया जाएगा और उनके कार्य को समाज के सामने लाया जाएगा। इससे एक ओर मंडली के कलाकारों को प्रोत्साहन मिलेगा, वहीं दूसरी ओर युवाओं में भी संस्कृति के प्रति सम्मान और आकर्षण बढ़ेगा। कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने भी संगठन की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मनोज कुमार, पंकज कुमार और रामजी ने कहा कि यह प्रयास निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ेगा। उन्होंने इसे सनातन संस्कृति के लिए “संजीवनी” करार दिया। इस अवसर पर गांव के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। इनमें महेश सिंह, कांग्रेस शर्मा, शशि कुमार सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे। अंत में मंडली के सदस्यों ने रामायण की चौपाइयों का गायन कर कार्यक्रम को भक्ति और उत्साह से भर दिया। पूरे वातावरण में श्रद्धा और आस्था की मधुर गूंज फैल गई।

You may have missed